Jal jeevan mission Scam: फरार रिटायर्ड आईएएस सुबोध अग्रवाल की तलाश में जुटी ACB की 6 टीमें, 60 गाड़ियां बदलकर काटी फरारी

नई दिल्ली। करोड़ों रुपए के जल जीवन मिशन घोटाले में आरोपी रिटायर्ड आइएएस सुबोध अग्रवाल की तलाश में जुटी एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) के सामने उसकी फरारी का शातिर तरीका बड़ी चुनौती बन गया है। जांच में सामने आया है कि फरार होने के बाद अग्रवाल अब तक करीब 60 से अधिक गाड़ियां बदल चुका है, जिनमें 40 से ज्यादा बार ऑटो रिक्शा का इस्तेमाल किया है।

लुकआउट नोटिस जारी होने के कारण वो हवाई यात्रा नहीं कर सकता। वहीं बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर एसीबी की कड़ी निगरानी के चलते वो छोटे वाहनों के जरिए लगातार ठिकाने बदल रहा है। सूत्रों के अनुसार अग्रवाल हाल ही में हरियाणा के सोहना स्थित एक उद्योगपति के फार्म हाउस पर रुका था, लेकिन जांच एजेंसियों की भनक लगते ही वहां से ऑटो रिक्शा में बैठकर निकल गया। इसके बाद उसका कोई पुख्ता सुराग नहीं मिल पाया है। एसीबी की छह टीमें अग्रवाल की तलाश में जुटी है, उसके दिल्ली और मुंबई में होने की आशंका जताई जा रही है।

जयपुर में फार्म हाउस पर सर्च
एसीबी ने जयपुर में भी एक फार्म हाउस पर सर्च किया। यह फार्म हाउस राजस्थान क्रिकेट अकादमी के पूर्व अध्यक्ष और बीसीसीआइ के पूर्व कोषाध्यक्ष रह चुके किशोर रूंगटा के परिवार के सदस्य मुकुंद रूंगटा का बताया जा रहा है। हालांकि सर्च में अग्रवाल वहां नहीं मिला।

प्रभावशाली पारिवारिक नेटवर्क की भी जांच
जांच एजेंसियां अग्रवाल के प्रभावशाली पारिवारिक नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही हैं। बताया जा रहा है कि उसके परिवार में 10 से अधिक लोग भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय पुलिस सेवा और भारतीय राजस्व सेवा में रहे हैं या कार्यरत हैं। एसीबी ने इन सभी की सूची भी तैयार कराई है, ताकि फरारी के दौरान किसी संभावित मदद की जांच की जा सके।

सुबोध अग्रवाल रिटायर्ड IAS
रोली अग्रवाल (पत्नी): दिल्ली में IRS, चीफकमिश्नर के पद पर कार्यरत
शुभम अग्रवाल (बेटा): मुंबई में IRS
भाई: रिटायर्ड IAS
साले व साले की पत्नी (आइजी): IPS
साली: IAS, पति भी IAS
दूसरी साली का पति: IRC
ससुर: रिटायर्ड IRS
इतना ही नहीं, दूर के रिश्तों में भी कई लोग भारतीय सेवाओं में उच्च पदों पर कार्यरत हैं।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles