केंद्रीय मंत्री शिवराज के तीखे तेवर, बोले – कुछ अफसरों को काम रोकने में ही मजा आता है, दी  चेतावनी- पात्र हितग्राहियों का हक नहीं मारा जाएगा

सीहोर। सीहोर जिले के इछावर के आजाद चौक में रविवार को आयोजित जनकल्याण शिविर में केंद्रीय कृषि मंत्री Shivraj Singh Chouhan ने अधिकारियों को सख्त संदेश देते हुए कहा कि कुछ अफसरों को जनता के काम रोकने में ही मजा आता है, लेकिन अब ऐसा नहीं चलेगा। उन्होंने अधिकारियों से सकारात्मक सोच के साथ काम करने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी हितग्राही को अपने अधिकार के लिए भटकना न पड़े।
कार्यक्रम में प्रदेश के राजस्व मंत्री Karan Singh Verma भी मौजूद रहे। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार की मंशा गरीब और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की है, इसलिए कोई भी अधिकारी इस उद्देश्य पर पलीता न लगाए। उन्होंने बताया कि उन्हें शिकायतें मिली हैं कि कई पात्र लोगों के नाम विभिन्न कारणों से सूची से हटाए जा रहे हैं। ऐसे मामलों की अब एक-एक कर जांच की जाएगी और किसी भी गरीब का हक नहीं छीना जाएगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में करीब 21 हजार लोगों का सर्वेक्षण पूरा हो चुका है और अब उनका भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी पात्र कच्चे मकान धारकों को पक्का घर बनाने के लिए आर्थिक सहायता स्वीकृत की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी।
जनकल्याण शिविर के दौरान विकास कार्यों को गति देने के लिए इछावर क्षेत्र के 36 गांवों को मुख्य सड़कों से जोड़ने हेतु 36 नई सड़कों के स्वीकृति पत्र भी सौंपे गए। इससे लंबे समय से सड़क संपर्क की प्रतीक्षा कर रहे ग्रामीण इलाकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण, हितग्राही और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। मौके पर ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ भी वितरित किए गए। इस दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के इछावर आगमन पर कांग्रेस नेताओं ने उनका काफिला रोककर विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles