Alert : मोबाइल पर “Extremely Severe Alert”, भारत सरकार की आपदा चेतावनी प्रणाली का परीक्षण

नई दिल्ली। देशभर में आज कई मोबाइल उपयोगकर्ताओं के फोन पर अचानक “Extremely Severe Alert” संदेश फ्लैश हुआ, जिससे कुछ समय के लिए लोगों में भ्रम और चिंता की स्थिति बनी। बाद में स्पष्ट हुआ कि यह किसी आपात स्थिति का संकेत नहीं, बल्कि भारत सरकार की सेल ब्रॉडकास्ट आधारित आपदा चेतावनी प्रणाली का परीक्षण (Test Message) था। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रिमोट से इसका शुभारम्भ किया।
क्या था संदेश में?
अलर्ट में स्पष्ट लिखा था कि यह एक परीक्षण संदेश है और इसे प्राप्त करने पर किसी कार्रवाई की आवश्यकता नहीं है। संदेश हिंदी और अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में प्रसारित किया गया।

किसने किया परीक्षण?
यह परीक्षण दूरसंचार विभाग (DoT) और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के संयुक्त प्रयास से किया गया। इसका उद्देश्य एक त्वरित और प्रभावी आपदा सूचना प्रणाली को मजबूत करना है।
कैसे काम करता है सिस्टम?
यह प्रणाली Cell Broadcast Technology पर आधारित है, जिसके माध्यम से किसी क्षेत्र के सभी मोबाइल उपभोक्ताओं तक एक साथ अलर्ट भेजा जाता है। यह सामान्य SMS से अलग है और इसके लिए इंटरनेट की आवश्यकता नहीं होती। फोन साइलेंट मोड में होने पर भी अलर्ट तेज ध्वनि के साथ स्क्रीन पर दिखाई देता है।





