Train Fire : रतलाम में राजधानी एक्सप्रेस में आग, दिल्ली-मुंबई रेल लाइन प्रभावित

रतलाम। जिले के आलोट रेलवे स्टेशन के पास रविवार सुबह दिल्ली के निजामुद्दीन की ओर जा रही राजधानी एक्सप्रेस (12431) के दो कोच में आग लगने से हड़कंप मच गया। ये घटना आलोट-विक्रमगढ़ रेलवे स्टेशन के बीच हुई है। आग लगने के बाद दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर रेल परिचालन प्रभावित हो गया है। ऐसे में मार्ग से गुजरने वाली कई ट्रेनों को आसपास के अलग – अलग स्टेशनों पर रोका गया है।

मिली जानकारी के अनुसार त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस रतलाम से रवाना हुई थी। सुबह करीब 5:30 बजे लूणी-विक्रमगढ़ के बीच ट्रेन के बी-1 कोच में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। बोगी से आग की लपटें उठती देख गार्ड ने तुरंत लोको पायलट को इसकी सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को तत्काल रोका गया।

घटना की जानकारी लगते ही रेलवे कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए करीब 68 यात्रियों को संबंधित बोगियों से सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे कोचों में शिफ्ट किया। इसके साथ ही, ज्वलंत डिब्बों को ट्रेन के मुख्य डिब्बों से अलग कर वापस रवाना किया गया। इधर, सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की अलग – अलग गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने के कार्य में जुट गईं।

राहत के लिए जा रही वैन पलटी, 5 से अधिक रेलकर्मी घायल
इधर, रेल अग्निकांड के बाद राहत एव बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचने के लिए निकली रेलवे के बचाव दल की एक यातायात वैन शामगढ़ सुवासरा के बीच अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में रेलवे के कैरेज एंड वैगन विभाग के 5 से अधिक स्टाफ सवार था, जिन्हें इस हादसे में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर पहुंची की मदद से सभी घायलों को कोटा रैफर कर दिया गया है।

नई दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर परिचालन प्रभावित
हालांकि, घटना का क्षेत्र रेलवे के कोटा रेल मंडल अंतर्गत आता है। आग लगने के कारण दो कोच पूरी तरह जल गए। हालांकि, राहत की बात ये है कि, घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। नई दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर परिचालन प्रभावित हुआ है और कई ट्रेनों को अन्य स्टेशनों पर रोका गया है।

घटना की जांच के आदेश जारी
वहीं, अब इस घटना को लेकर रेल मंत्रालय ने जांच के आदेश दे दिए हैं। रेलवे बोर्ड की तीन सदस्यों वाली कमेटी गठित कर ट्रेन में आग लगने के कारणों की जांच के आदेश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि इलेक्ट्रिक, मैकेनिकल, कोचिंग डिपार्टमेंट से तीन सदस्यों को इस घटना के कारणों की जांच रिपोर्ट बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जांच इस अहम बिंदू पर केंद्रित होगी कि, आग अंदर से लगी थी या फिर बाहर से किसी ने लगाई है।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles