RSS प्रांत प्रचारक बैठक: राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर जताई चिंता, SIT जांच से निर्णायक नतीजे की उम्मीद

बेलगावी। बेलगावी में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की प्रांत प्रचारक बैठक के समापन पर अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी का मामला प्रमुख चर्चा का विषय रहा। संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) से निष्पक्ष और निर्णायक परिणाम की अपेक्षा है।
RSS के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने बताया कि बैठक में यह भी अपेक्षा जताई गई कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए, ताकि करोड़ों राम भक्तों की आस्था और विश्वास पर कोई आंच न आए।
बैठक में केवल राम मंदिर का मुद्दा ही नहीं, बल्कि देश के कुछ क्षेत्रों में बदलती जनसांख्यिकीय स्थिति (डेमोग्राफी) और युवाओं में बढ़ते नशे के खतरे पर भी विस्तार से चर्चा हुई। संघ ने इन विषयों को सामाजिक दृष्टि से गंभीर चुनौती बताते हुए समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इसके अलावा, संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर देशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इन आयोजनों का उद्देश्य संत रविदास के सामाजिक समरसता और समानता के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाना बताया गया।
बैठक में संघ प्रमुख मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले सहित 226 पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान मार्च 2026 के बाद आयोजित प्रशिक्षण वर्गों की समीक्षा भी की गई।
संघ के अनुसार, वर्ष 2026 में देशभर में 83 संघ शिक्षा वर्ग और 12 कार्यकर्ता विकास वर्ग आयोजित किए गए, जिनमें 18,842 स्वयंसेवकों ने प्रशिक्षण लिया। प्रशिक्षण में शाखा संचालन, ग्राम विकास, परिवार प्रबोधन, आपदा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषय शामिल रहे।
बैठक में सितंबर महीने में शाखा विस्तार अभियान को गति देने की रणनीति, संघ के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की समीक्षा और आगामी गतिविधियों की रूपरेखा पर भी विचार किया गया। साथ ही, वर्ष 2026-27 के लिए सरसंघचालक मोहन भागवत के प्रस्तावित प्रवास कार्यक्रम पर भी चर्चा हुई।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles