कलेक्टर ने चबूतरे पर बैठकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, किसानों को धान छोड़ तिल, टमाटर और मशरूम जैसी फसलें अपनाने की सलाह

ग्वालियर। ग्वालियर जिला प्रशासन की जनसुनवाई व्यवस्था को गांव-गांव तक पहुंचाने की पहल रविवार रात ग्राम बरेठा में आयोजित रात्रि चौपाल में देखने को मिली। जनपद पंचायत मुरार के अंतर्गत आने वाले इस गांव में ग्राम पंचायत भवन के सामने चबूतरे पर आयोजित चौपाल में कलेक्टर रुचिका सिंह चौहान ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं।
पूरे कार्यक्रम में औपचारिकता से अधिक संवाद का माहौल रहा। ग्रामीणों ने बेझिझक अपनी समस्याएं रखीं और कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश देकर समाधान सुनिश्चित कराया गया।
चौपाल के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 88 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई का तत्काल निराकरण किया गया, जबकि शेष मामलों के लिए समय-सीमा निर्धारित कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
चौपाल में सबसे अधिक चर्चा खरीफ फसल और इस वर्ष की बारिश की स्थिति को लेकर हुई। कलेक्टर ने किसानों से खेती की तैयारियों की जानकारी ली तो अधिकांश किसानों ने धान की बुवाई करने की बात कही। इस पर उन्होंने किसानों को मौसम के बदलते रुख और कम वर्षा की संभावना से अवगत कराते हुए कहा कि इस वर्ष वर्षा सामान्य से कम होने की आशंका है।
रात्रि चौपाल केवल समस्याएं सुनने तक सीमित नहीं रही, बल्कि जरूरतमंद परिवारों को तत्काल राहत भी मिली। गांव की निवासी रेखा ने कलेक्टर को बताया कि उनके पति ब्रजकिशोर लकवाग्रस्त हैं और परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा है। बातचीत के दौरान पता चला कि ब्रजकिशोर का संबल कार्ड बना हुआ है, लेकिन जानकारी के अभाव में परिवार ने योजना के तहत मिलने वाली सहायता के लिए आवेदन नहीं किया था।
इस पर कलेक्टर ने श्रम विभाग के अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए कि संबल योजना के तहत एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता शीघ्र स्वीकृत कराई जाए। सहायता मिलने की जानकारी से रेखा भावुक हो गई और उसने कहा कि वह इस राशि से सिलाई मशीन खरीदकर परिवार की आजीविका शुरू करेगी तथा आत्मनिर्भर बनने का प्रयास करेगी।
चौपाल में एक अन्य संवेदनशील मामला भी सामने आया। इरफान नामक एक किशोर की आंखों की गंभीर समस्या की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराकर विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराया जाए, ताकि उसकी आंखों का समय पर इलाज हो सके।
ग्रामीणों ने राजस्व विभाग से जुड़े सीमांकन, नामांतरण और बंटवारे के कई मामले भी चौपाल में रखे। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित पक्षों, राजस्व अधिकारियों और पटवारियों को मौके पर बुलाकर प्रकरणवार चर्चा की।
प्रत्येक मामले के समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार की गई और अधिकारियों को तय समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
चौपाल में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजन सिंह रावत, जनपद पंचायत अध्यक्ष दिलराज सिंह किरार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। सभी विभागों ने अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित शिकायतों को सुना और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles