Tamil Nadu: तमिलनाडु सरकार में विभागों का हुआ बंटवारा, सीएम विजय ने अपने पास गृह मंत्रालय रखा

चेन्नई। तमिलनाडु में नई सरकार गठन के बाद लोकभवन ने शनिवार को मंत्रियों के विभागों का आवंटन किया है। लोकभवन की तरफ से मुख्यमंत्री जोसेफ विजय और कुल 10 मंत्रियों को उनके विभाग सौंपे हैं। तमिलनाडु लोकभवन की तरफ से जारी सूची के अनुसार, मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने अपने पास कई अहम मंत्रालय रखे हैं।
मुख्यमंत्री विजय ने अपने पास रखे सबसे ज्यादा मंत्रालय
सीएम सी. जोसेफ विजय ने सबसे ज्यादा मंत्रालय अपने ही पास रखे हैं। उनके पास गृह, विशेष कार्यक्रम क्रियान्वयन, महिला कल्याण, युवा कल्याण, बच्चों, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों का कल्याण, नगर प्रशासन, शहरी एवं जल आपूर्ति विभाग हैं।
किस मंत्री को मिला कौन सा मंत्रालय?
एन. आनंद – ग्रामीण विकास एवं जल संसाधन मंत्री।
आधव अर्जुना – लोक निर्माण एवं खेल विकास मंत्री।
डॉ. के.जी. अरुणराज – स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री।
के.ए. सेंगोट्टैयन – वित्त मंत्री।
पी. वेंकटरामनन – खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री।
आर. निर्मलकुमार – ऊर्जा संसाधन एवं कानून मंत्री।
राजमोहन – स्कूली शिक्षा, तमिल विकास, सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री।
डॉ. टी.के. प्रभु – प्राकृतिक संसाधन मंत्री।
सेल्वी एस. कीर्तनाः उद्योग मंत्री।
इससे पहले विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सरकार ने विधानसभा में 140 से ज्यादा विधायकों का समर्थन पाकर विश्वास मत हासिल किया था। गौरतलब है कि टीवीके प्रमुख विजय की पार्टी ने तमिलनाडु विधानसभा में शानदार प्रदर्शन किया था। टीवीके राज्य में सबसे बड़ा दल बनकर उभरा था। टीवीके बहुमत का आंकड़ा छूने में कामयाब नहीं हो सकी थी।
सीएम विजय 22 मई को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से करेंगे मुलाकात
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय 22 मई को नई दिल्ली का दौरा करेंगे, जहां वह कई उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। यह सीएम पदभार संभालने के बाद राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ उनकी पहली बड़ी मुलाकात होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री विजय की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात होने वाली है। इस बैठक में तमिलनाडु से संबंधित मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है, जिनमें वित्तीय आवंटन, अवसंरचना परियोजनाएं, विकास पहल और नई सरकार के तहत राज्य की प्रशासनिक प्राथमिकताओं से संबंधित मामले शामिल हैं।





