MP: एक आरोप के आधार पर कांग्रेस राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज, बीजेपी की आपत्ति पर फैसला

भोपाल। मध्य प्रदेश कोटे की तीसरी राज्यसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र खारिज कर दिया गया है। बीजेपी की आपत्ति पर रिटर्निंग ऑफिसर ने ये फैसला लिया है। दरअसल, भाजपा का आरोप है कि मीनाक्षी ने तेलंगाना की हैदराबाद कोर्ट में लंबित एक मामले की जानकारी नामांकन पत्र में छिपाई है। पर्यवेक्षक ने कारण बताओ नोटिस जारी कर आज शाम तक जवाब मांगा था।

इधर, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि मीनाक्षी के खिलाफ कोई आपराधिक प्रकरण नहीं है। उन्हें कोर्ट से केवल एक नोटिस मिला था।

नामांकन की जांच के दौरान विधानसभा परिसर में दोनों दलों के नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक और हंगामे की स्थिति भी बनी। नारेबाजी और शोर-शराबे के बीच कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे और विक्रांत भूरिया ने रिटर्निंग ऑफिसर के कमरे में घुसने की कोशिश की, जिसे पुलिस और विधानसभा के सुरक्षाकर्मियों ने रोक दिया।

वहीं, कांग्रेस अपने विधायकों को बेंगलुरु शिफ्ट कर रही है। करीब दो घंटे की जद्दोजहद के बाद कांग्रेस की चार्टर्ड फ्लाइट को उड़ान के लिए परमिशन मिली। शाम करीब साढ़े 6 बजे विमान ने बेंगलुरू के लिए उड़ान भरी। इसमें 38 विधायकों के साथ 75 लोग हैं। बाकी 22 विधायक रात साढ़े 8 बजे की फ्लाइट से निकलेंगे।

कांग्रेस विधायकों के विमान को उड़ने की परमिशन नहीं मिली थी

इससे पहले भोपाल एयरपोर्ट अथॉरिटी ने कांग्रेस विधायकों के विमान को उड़ने की परमिशन देने से मना कर दिया था। उनका कहना था कि फ्लाइट को देश में उड़ने की अनुमति नहीं है। इस पर पार्टी के सीनियर लीडर सज्जन सिंह वर्मा ने कहा था- सरकार के इशारे पर हमारे विमान को बेवजह रोका जा रहा है। भोपाल एयरपोर्ट के इंचार्ज अवस्थी फ्लाइट को बिना वजह डिटेन कर रहे हैं लेकिन हम जाएंगे।

उन्होंने कहा था- एयरपोर्ट अथॉरिटी पर मोहन सरकार का दबाव है। उनका कहना है कि आपकी ये फ्लाइट विदेश जा सकती है लेकिन देश के अंदर उड़ान नहीं भर सकती। कितनी मूर्खतापूर्ण बात है कि जो फ्लाइट दिल्ली से भोपाल आ सकती है, वो बेंगलुरू नहीं जा सकती।

screenshot 20260609 1958383554349257962311518

ये नोटिस जारी हुआ था, वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा का कहना है कि नोटिस के आधार पर नामांकन निरस्त नहीं. किया जा सकता।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles