MP : विधानसभा के मानसून सत्र में आएगा यूसीसी का विधेयक, सीएम बोले: इसी सत्र में पारित होगा बिल

भोपाल। मध्य प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार आगामी मानसून सत्र में समान नागरिक संहिता (UCC) प्रस्ताव लाने की पूरी तैयारी में है। खुद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस बात की पुष्टि करते हुए बड़ा बयान दिया है। सीएम ने कहा कि इसी मानसून सत्र में यूसीसी का प्रस्ताव विधानसभा में लाया जा रहा है और महाकाल चाहेंगे तो इसी सत्र में यह प्रस्ताव पारित भी हो जाएगा।

उत्तराखंड और गुजरात के बाद अब मध्य प्रदेश भी इस कानून को लागू करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है। बता दें कि मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू हो रहा है।

विधानसभा में यूसीसी प्रस्ताव लाने को लेकर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी सरकार के इस कदम का समर्थन किया है। उन्होंने अपने बयान में कहा कि यह पूरे हिंदुस्तान की डिमांड है और यह कानून देश की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। इसके साथ ही विधायक रामेश्वर शर्मा ने जोर देकर कहा कि इस कानून के लागू होने से जनसंख्या पर भी नियंत्रण लगेगा। उन्होंने आगे कहा कि देश के कई राज्यों ने इसे लागू करने की पहल की है और अब मध्य प्रदेश में भी इसकी पूरी तैयारी कर ली गई है।

मध्य प्रदेश में यूसीसी कमेटी का गठन और प्रस्तावों की समय-सीमा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता की व्यवहारिकता जांचने और इसका मसौदा तैयार करने के लिए सरकार ने एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। मध्य प्रदेश सरकार के विधि और विधायी कार्य विभाग द्वारा इस 6 सदस्यीय हाई-लेवल कमेटी का गठन इसी वर्ष 27 अप्रैल को किया गया था।

अब UCC कहां बचा: आरिफ मसूद

विधानसभा के मानसून सत्र में यूसीसी बिल लाए जाने वाले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बयान पर कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने कहा यदि बाबा महाकाल की कृपा का वो जिक्र कर रहे हैं, तो महाकाल की कृपा लिव इन रिलेशनशिप के लिए तो नहीं होगी। मैं उम्मीद करता हूं कि लिव इन रिलेशनशिप को कोई मान्यता नहीं देगा। कोई नहीं चाहेगा कि लिव इन रिलेशन शिप को बढ़ावा दिया जाए और यह कोई शिष्टाचार का तरीका नहीं है इसका सभी लोग विरोध करेंगे।

और यह यूसीसी तो बचा ही नहीं है जब आप एक ट्रायबल कम्युनिटी को अलग कर रहे हैं तो अब UCC कहां बचा? कॉमन सिविल तो सभी के लिए एक जैसा कानून होता और सबकी राय लेकर करना चाहिए, यही होना चाहिए। कांग्रेस विधायक दल में बात रखी जाएगी। सब मिलकर एक राय पर आएंगे सबको एक साथ आना पड़ेगा।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles