MP BJP : सीएम , प्रहलाद पटेल और कैलाश विजयवर्गीय अलग- अलग मिले अमित शाह से, मोहन- हेमंत की राष्ट्रीय अध्यक्ष से चर्चा, प्रदेश का राजनैतिक पारा हुआ हाई…

संजय सक्सेना
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष सहित कई नेताओं के अचानक दिल्ली पहुँचने से राज्य का राजनैतिक पारा चढ़ गया है। मोहन यादव, प्रहलाद पटेल और कैलाश विजयवर्गीय अलग- अलग केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले। जबकि आज ही सी एम मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से लम्बी चर्चा होने की खबर है।
सीएम मोहन यादव और बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शनिवार को दिल्ली पहुंचे। दोनों नेताओं ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की। बाद में सीएम मोहन यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी भेंट की। उनसे कई मामलों पर गहन चर्चा की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दिल्ली प्रवास के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने उन्हें पुष्प गुच्छ भेंट किया। डॉ. मोहन यादव और बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात पर ट्वीट भी किया। एक्स हेंडल पर फोटो पोस्ट करते हुए इसे सौजन्य भेंट बताया है।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से सीएम डॉ. मोहन यादव और प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की एक साथ मुलाकात से प्रदेश के राजनैतिक हल्कों में अटकलों का बाजार गरम हो गया है। बताया जाता है कि दोनों नेताओं की राष्ट्रीय अध्यक्ष से प्रदेश में निगम मंडलों में नियुक्तियों को लेकर चर्चा हुई है।
हालांकि सीएम मोहन यादव ने अमित शाह से मुलाक़ात को लेकर एक्स पर जो पोस्ट डाली है, उसमें बालाघाट का आमंत्रण देने का उल्लेख किया है, लेकिन आज ही राज्य के दो वरिष्ठ मंत्रियों कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद पटेल ने भी अमित शाह से मुलाक़ात की। तीनों की अलग अलग हुई मुलाक़ात कुछ और कहानी कह रही है। ये लोग शाह के बुलावे पर गये या अचानक, इसकी जानकारी तो नहीं मिली है, लेकिन राजधानी के राजनीतिक गालियारे लम्बे समय से चल रही चर्चाओं को आधार बना कर नई स्क्रिप्ट लिखे जाने का फ़साना सुना रहे हैँ। देखना होगा कि ये गुब्बारा फूटता है या एक बार फिर फुस्स हो जायेगा…?


मोदी मंत्रिमंडल के साथ ही एमपी में हो सकता है मंत्रिमंडल का विस्तार
बीजेपी सूत्रों की मानें तो दो महीनों के भीतर मोदी मंत्रिमंडल में बदलाव होना संभावित है। केंद्रीय कैबिनेट के बाद मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार किया जा सकता है। अमित शाह ने एमपी के नेताओं से प्रदेश की राजनीतिक स्थितियों को लेकर फीडबैक लिया है।
निगम-मंडलों की लिस्ट इसी हफ्ते
लंबे समय से टल रही एमपी में राजनीतिक नियुक्तियों की लिस्ट इसी हफ्ते में घोषित हो सकती है। सूत्रों की मानें तो पहली सूची में आदिवासी और दलित वर्ग के सीनियर नेताओं को मंत्री का दर्जा मिल सकता है।





