CUET UG Result: सीयूईटी यूजी का रिजल्ट जारी, पांच विषयों में हाई स्कोर 1232.19 रहा, 11.64 लाख ने दी थी परीक्षा
नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने आज 23 जून 2026 को कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट – अंडरग्रेजुएट का परिणाम और स्कोरकार्ड जारी कर दिया है। जो भी अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, वे आधिकारिक वेबसाइट cuet.nta.nic.in पर जाकर परिणाम देख सकते हैं। परीक्षा का आयोजन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) मोड में 11 मई से 31 मई 2026 तक किया गया, जबकि कुछ पेपर 6 और 7 जून को भी कराए गए थे।
एनटीए ने परीक्षा समाप्त होने के मात्र 16 दिनों के भीतर परिणाम घोषित कर दिया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 14 दिन तेज है।
कई छात्रों ने हासिल किया 100 पर्सेंटाइल
एक उम्मीदवार ने चार विषयों में 100 पर्सेंटाइल हासिल किया।
22 छात्रों ने तीन विषयों में 100 पर्सेंटाइल हासिल किया।
180 उम्मीदवारों ने दो विषयों में 100 पर्सेंटाइल हासिल किया।
3,214 छात्रों ने एक विषय में 100 पर्सेंटाइल प्राप्त किया।
पांच विषयों में सबसे अधिक कुल स्कोर 1232.19 दर्ज किया गया। अकाउंटेंसी, हिस्ट्री, साइकोलॉजी और ओड़िया जैसे विषयों में कई उम्मीदवारों ने 250 तक के परफेक्ट या लगभग परफेक्ट स्कोर हासिल किए।
15.68 लाख से अधिक छात्रों ने कराया था पंजीकरण
इस वर्ष सीयूईटी यूजी के लिए कुल 15,68,867 यूनिक उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 11,64,098 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। 2025 की तुलना में इस बार पंजीकृत उम्मीदवारों की संख्या में 15 प्रतिशत से अधिक वृद्धि दर्ज की गई।
महिला उम्मीदवारों की संख्या में भी करीब 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जिससे पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के बीच का अंतर पहले की तुलना में कम हुआ है।