MP: सीएम निवास में हुई प्रदेश भाजपा हाई पावर कमेटी की बैठक, मंत्रियों से सीधी चर्चा, मंत्रिमंडल विस्तार पर फिलहाल विराम


भोपाल। मध्यप्रदेश में अगले साल संभावित नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों से पहले बीजेपी संगठन और सरकार ने ज़मीनी तैयारियों की समीक्षा तेज कर दी है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को मंत्रियों के साथ सीएम हाउस में वन-टू-वन बैठक कर चुनावी वादों, कमजोर बूथों और हारी हुई विधानसभा सीटों की स्थिति पर विस्तार से फीडबैक लिया। आज बीस मंत्रियों से चर्चा हुईं। बैठक में संगठन और सरकार के बीच तालमेल मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया। बैठक के बाद स्पष्ट किया गया कि फिलहाल मंत्रिमंडल विस्तार पर कोई चर्चा नहीं हुई है। पार्टी और सरकार का पूरा फोकस संगठनात्मक मजबूती, योजनाओं की मॉनिटरिंग और आगामी चुनावों की तैयारी पर है।
बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश , प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह और प्रदेश अध्यक्ष हेमन्त खंडेलवाल भी मौजूद रहे। यह समीक्षा ऐसे समय हुई है जब मोहन सरकार अगले महीने 13 जून को अपने कार्यकाल के ढाई साल पूरे करने जा रही है।

हारी सीटों और कमजोर बूथों पर सरकार-संगठन का फोकस
सूत्रों के मुताबिक बैठक में मंत्रियों से उनकी विधानसभा, गृह जिले और प्रभार वाले जिलों की राजनीतिक स्थिति पर रिपोर्ट मांगी गई। खासतौर पर उन विधानसभा सीटों पर चर्चा हुई जहां बीजेपी पिछला चुनाव हार गई थी या जहां पार्टी का प्रदर्शन कमजोर रहा था।
मुख्यमंत्री ने मंत्रियों से पूछा कि इन क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने के लिए क्या प्रयास किए गए, कितने दौरे हुए और स्थानीय स्तर पर जनता के बीच सरकार की योजनाओं का कितना असर दिखाई दे रहा है। बूथ मैनेजमेंट, विपक्षी दलों की सक्रियता और आगामी चुनावी रणनीति पर भी फीडबैक लिया गया।

योजनाओं और विभागीय कामकाज की समीक्षा
सीएम मोहन यादव ने विभागीय योजनाओं की जमीनी प्रगति पर भी मंत्रियों से जवाब मांगा। स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ियों और अन्य सरकारी संस्थानों की स्थिति पर चर्चा हुई। गेहूं खरीदी व्यवस्था और ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं के प्रभाव की समीक्षा भी बैठक का हिस्सा रही।
मुख्यमंत्री की प्रमुख योजनाओं जैसे लाड़ली बहना योजना, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, गृह प्रवेश और मेरा घर योजना के प्रचार-प्रसार और मॉनिटरिंग को लेकर मंत्रियों की भूमिका पर भी सवाल पूछे गए। मंत्रियों से यह जानकारी भी ली गई कि उन्होंने अपने प्रभार वाले जिलों में कितनी बैठकें कीं और किन विकास कार्यों की समीक्षा की।

निकाय और पंचायत चुनाव की तैयारी पर जोर
बैठक में आगामी नगर पालिका और ग्राम पंचायत चुनावों की रणनीति भी अहम मुद्दा रही। मंत्रियों से पूछा गया कि उनके प्रभार वाले जिलों में कौन-सी सीटें मजबूत हैं और किन क्षेत्रों में संगठन को अतिरिक्त मेहनत की जरूरत है।
प्रत्याशी चयन, बूथ स्तर की तैयारी, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और स्थानीय समीकरणों को लेकर भी चर्चा हुई। संगठन पदाधिकारियों ने मंत्रियों से उनके जिलों में प्रवास, बैठकें और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय को लेकर सवाल किए।

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के अनुसार सोमवार को बाकी मंत्रियों के साथ भी वन-टू-वन बैठक का दौर जारी रहेगा, जिसमें उनके विभागीय कामकाज और राजनीतिक फीडबैक की समीक्षा की जाएगी।

screenshot 20260517 2300034588570768567756592

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles