MP Congress : जनता अब जुमलों के बजाय वास्तविक मुद्दों पर जवाब चाहती है : पटवारी

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र(जीतू)पटवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि देश की जनता अब जुमलों और भ्रम से आगे बढ़ चुकी है और वास्तविक मुद्दों पर जवाब चाहती है।

भोपाल में चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि देश का हर राजनीतिक दल महिला आरक्षण के मुद्दे पर एकमत है, लेकिन केंद्र सरकार इस महत्वपूर्ण विषय को राजनीतिक हथियार के रूप में उपयोग कर रही है।  2023 में वर्ष सर्वसम्मति से पारित “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” को आज तक लागू नहीं किया गया, जबकि हाल ही में जारी अधिसूचना के बाद इसे तत्काल प्रभाव से लागू किया जाना चाहिए।

श्री पटवारी ने आरोप लगाया कि सरकार महिला आरक्षण के मुद्दे की आड़ में परिसीमन को जोड़कर अपने राजनीतिक हित साधना चाहती है। उन्होंने कहा कि परिसीमन को इस तरह प्रस्तुत किया गया, जिससे सरकार को मनमानी की छूट मिल सके और जातिगत जनगणना के आंकड़ों से बचा जा सके। यह लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी और पूरा विपक्ष महिलाओं को 33% आरक्षण देने के पक्ष में पूरी मजबूती से खड़ा है, लेकिन लोकतंत्र और संविधान के साथ किसी भी प्रकार के समझौते का समर्थन नहीं किया जा सकता।

श्री पटवारी ने प्रधानमंत्री से सवाल करते हुए कहा कि देश आज गंभीर आर्थिक और नीतिगत चुनौतियों से जूझ रहा है।

डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट क्यों हो रही है?

महंगाई लगातार क्यों बढ़ रही है?

बेरोजगारी चरम पर क्यों है?

विदेश नीति क्यों कमजोर पड़ती दिखाई दे रही है?


उन्होंने कहा कि इन ज्वलंत मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए महिला आरक्षण जैसे संवेदनशील विषय को बार-बार उठाया जा रहा है।

श्री पटवारी ने कहा कि यदि सरकार की नीयत साफ है, तो 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून के तहत  महिलाओं को 33% आरक्षण सुनिश्चित किया जाए। आरक्षण की इस प्रक्रिया में OBC वर्ग की महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए, उन्होंने यह भी कहा कि 543 लोकसभा सीटों के वर्तमान ढांचे में ही आरक्षण लागू किया जा सकता है, जिसे बाद में जनगणना और परिसीमन के पश्चात बढ़ाया जा सकता है।

श्री पटवारी ने कहा कि हाल ही में संसद में लाया गया संशोधन विधेयक, जिसमें महिला आरक्षण को परिसीमन और पुरानी जनगणना से जोड़ा गया था, वह गिर गया। यह देश के लोकतंत्र और उसकी अखंडता की जीत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और “नारी शक्ति” के सम्मान के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles