JEE Advanced: 355 मार्क्स लाकर वेद लाहोटी ने तोड़ा जेईई एडवांस्ड का रिकॉर्ड
इंदौर। असंभव कुछ भी नहीं है, अदर ठान लिया जाए तो सब संभव है. जीवन में लक्ष्य होना चाहिए और वो बड़ा होना चाहिए. इसके बाद मेहनत भी उसी स्तर की होनी चाहिए… ये कहना है जेईई एडवांस्ड-2024 के ऑल इंडिया टॉपर और इस परीक्षा में अब तक के सबसे ज्यादा मार्क्स हासिल करने वाले वेद लाहोटी का. वेद ने जेईई-एडवांस्ड के रिकॉर्ड ब्रेक करने की जिद पाली और उसे पूरा करके दिखाया. वेद ने जेईई-एडवांस्ड में आल इंडिया रैंक-1 प्राप्त की है और 360 में से 355 अंक प्राप्त करके अब तक के सर्वाधिक प्राप्तांकों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मद्रास (IIT Madras) ने जेईई एडवांस्ड 2024 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इंदौर के वेद लाहोटी ने ऑल इंडिया टॉप किया है। उन्हें कुल 360 में से 355 मार्क्स मिले हैं। एमपी जोन में मान्य जैन ने टॉप किया है। उनकी ऑल इंडिया रैंक 75 आई है।
टॉपर वेद हर बात का तार्किक जवाब लेने में विश्वास रखते हैं. बचपन में स्कूल में किसी सब्जेक्ट में नम्बर कम आ जाते थे तो अपने नाना को लेकर स्कूल चले जाता था और टीचर्स से पूछता जाता था कि नंबर कम क्यों आए? यह जुनून आज भी कायम है. जेईई-एडवांस्ड में दो सवाल गलत हुए हैं और इसके लिए भी वेद ने चैलेंज डाला है कि ये कैसे गलत हुए. परिवार में नाना आर सी सोमानी रिटायर्ड इंजीनियर हैं. मां जया लाहोटी गृहिणी हैं और पिता योगेश लाहोटी रिलायंस जीओ में कंस्ट्रक्शन मैनेजर हैं।
10वीं में 98.6%, 12वीं में 97.6%, अब जेईई एडवांस्ड में AIR-1
वेद पिछले कई वर्षों से एलन करियर इंस्टीट्यूट में पढ़ाई कर रहे हैं. जेईई-एडवांस्ड को ही लक्ष्य रखने वाले वेद ने अभी तक यह भी तय नहीं किया है कि आगे कौन-से इंस्टीट्यूट और कौन-सी ब्रांच में करियर बनाना है. कक्षा दसवीं में 98.6 प्रतिशत और कक्षा 12 में 97.6 प्रतिशत प्राप्तांक प्राप्त किए थे. जेईई-मेन 2024 में उन्होंने 300 में से 295 अंकों के साथ आल इंडिया रैंक 119 प्राप्त की थी।
मां और नाना मोटिवेटर
वेद के लिए उसकी मां जया लाहोटी और उसके नाना आर सी सोमानी रियल मोटिवेशन हैं, जब भी किसी परेशानी में होता है तो इनसे बात करता है और उनकी बात मानते हुए आगे बढ़ जाता है. अपने होम टाउन इंदौर में रहने के दौरान हर बात के लिए नाना के साथ रहता था तो कोटा में पढ़ाई के दौरान मम्मी ने पूरा साथ दिया. परीक्षा के दौरान भी मां पूरी तरह साथ रही और मोटिवेट करती रहीं.
कोटा में पढ़ने की जिद थी
वेद कोटा में पढ़ना चाहता था. वेद ने एलन टैलेंटेक्स एग्जाम कक्षा 6 में दिया और इसके साथ ही एलन में एडमिशन भी लिया. कक्षा 10 पास के बाद कोटा आना है यह तय कर लिया था. कोटा के बारे में बहुत सुना हुआ था. यहां का कॉम्पीटिशन और यहां की पढ़ाई को लेकर वेद बहुत इच्छा रखता था, इसे देखते हुए ही एलन कोटा में पढ़ाई शुरू की. कोटा में जो सुना था उससे भी अच्छा पाया. यहां का माहौल, सुविधाएं और फैकल्टीज का स्तर बहुत अलग पाया. वेद इसे अपना लक्ष्य पूरा करने में सबसे बड़ा निर्णय मानता है.





