MP : ऑनलाइन गेम ‘स्टार मेकर’ में 35 लाख हारी बैंक कैशियर, ग्राहकों के खाते से चुराए 42 लाख; सास-ससुर, पति-बच्चों को कराई हवाई यात्रा

खरगोन। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की ठीबगांव शाखा से 41 लाख 58 हजार 95 रुपए के गबन के मामले में फरार चल रही महिला कैशियर ऋतु गोस्वामी (44) को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।

शुरुआती पूछताछ में उसने गबन की रकम में से 35 लाख रुपए से अधिक ऑनलाइन गेम ‘स्टार मेकर’ में हारने की बात कबूल की है।पुलिस ने उसके पास से 1 लाख 49 हजार रुपए नकद, तीन मोबाइल फोन और बैंक का आईडी कार्ड बरामद किया है। इन पैसों से उसने परिवार को हवाई यात्रा भी कराई।
थाना प्रभारी सुदर्शन कुमार ने बताया कि आरोपी किसी लिंक के जरिए ‘स्टार मेकर’ गेम से जुड़ी थी। पूछताछ में उसने बताया कि गेम खेलते-खेलते उसने बड़ी रकम गंवा दी। पुलिस उसके दावों और रकम के लेनदेन की जांच कर रही है।

गबन की रकम से परिवार को घुमाया

जांच में सामने आया है कि गबन की रकम में से कुछ हिस्सा आरोपी ने परिवार के साथ घूमने-फिरने पर भी खर्च किया। पुलिस के मुताबिक उसने अपने सास-ससुर, पति और बच्चे को हवाई यात्रा कराकर मुंबई, दिल्ली और इंदौर की सैर कराई। पुलिस अब तक उसके पास से 1.49 लाख रुपए बरामद कर चुकी है, जबकि बाकी रकम के उपयोग की जानकारी जुटाई जा रही है।

मुंबई चली गई थी, मोबाइल नंबर बंद कराए
पुलिस के अनुसार, बैंक से रकम लेकर फरार होने के बाद ऋतु मुंबई स्थित अपने ससुराल पहुंच गई थी। वहां उसने परिजनों को बताया कि वह बैंक से छुट्टी लेकर आई है। जांच में यह भी सामने आया कि परिवार के मोबाइल नंबर बंद करा दिए गए थे, ताकि बैंक या पुलिस उनसे संपर्क न कर सके।

दिल्ली में पहचान छिपाकर तलाश करती रही पुलिस

आरोपी की तलाश में जैतापुर पुलिस की टीम मुंबई और दिल्ली तक पहुंची। दिल्ली के रोहिणी इलाके में पुलिस ने चार दिन तक पहचान छिपाकर उसके ठिकानों और गतिविधियों की जानकारी जुटाई। स्थानीय लोगों के बीच घुल-मिलकर पुलिसकर्मियों ने आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की। हालांकि पुलिस के दिल्ली में कार्रवाई करने से पहले ही ऋतु परिवार के साथ इंदौर होते हुए खरगोन लौट आई।

ब्रांच मैनेजर समेत दो फरार
एसपी रवींद्र वर्मा ने बताया कि मुख्य आरोपी से पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी है। मामले में ठीबगांव शाखा के सहायक कैशियर त्रयंबक वाणी और शाखा प्रबंधक राजेश राठौड़ अब भी फरार हैं। उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। गबन की रकम की वसूली के प्रयास भी जारी हैं।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles