रिनिकी भुइयां पासपोर्ट विवाद: अग्रिम जमानत के लिए पवन खेड़ा पहुंचे हाई कोर्ट

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के संबंध में तेलंगाना हाई कोर्ट का रुख किया। खेड़ा ने कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया था कि असम सीएम की पत्नी के पास तीन देशों के पासपोर्ट हैं। जिसके बाद मुख्यमंत्री की पत्नी ने पवन खेड़ा के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
असम सीएम की पत्नी ने गुवाहाटी क्राइम ब्रांच पुलिस में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत शिकायत दर्ज कराई थी। जिनमें चुनाव के दौरान झूठे बयान देना, धोखाधड़ी, जालसाजी, मानहानि और जानबूझकर अपमान करना शामिल हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, असम पुलिस के अधिकारी जांच के सिलसिले में खेड़ा का पता लगाने के लिए हैदराबाद गए थे। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया है कि असम के मुख्यमंत्री की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा के पास तीन पासपोर्ट हैं।
पवन खेड़ा कांग्रेस पार्टी के मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष हैं। वे कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य भी हैं। उनके खिलाफ एफआईआर में भारतीय दंड संहिता की धारा 175, 35, 36, 318, 337, 338, 340, 352 और 356 का उल्लेख किया गया है, जिनमें चुनाव से संबंधित झूठे बयान, धोखाधड़ी, मूल्यवान दस्तावेजों और सार्वजनिक अभिलेखों की जालसाजी, जाली दस्तावेजों का उपयोग, शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना और मानहानि जैसे अपराध शामिल हैं।
इससे पहले, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने चुनावी राज्य असम में एक बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया था। जब उन्होंने आरोप लगाया था कि हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी के पास तीन पासपोर्ट हैं। उन्होंने सवाल उठाया था कि असम के मुख्यमंत्री ने अपने चुनावी हलफनामे में इसका खुलासा क्यों नहीं किया।





