ओडिशा : जगमोहन मीणा के बाद एक और आईपीएस ने छोड़ी नौकरी, सीए रामदास ने बीच ट्रेन‍िंग भेजा इस्‍तीफा

भुबनेश्वर। ओडिशा कैडर में भारतीय पुल‍िस सेवा के अफसरों का मोहभंग हो रहा है. ओड‍िशा पुल‍िस में भुवनेश्वर के डीसीपी जगमोहन मीणा के अचानक इस्तीफे के पांच द‍िन बाद एक और युवा आईपीएस अधिकारी ने सरकारी सेवा छोड़ने की पेशकश कर दी है. महज एक साल पहले सिविल सेवा परीक्षा पास करने वाले 2025 बैच के प्रोबेशनर आईपीएस  सीएम रामदास ने पद से इस्तीफा दे दिया है. TOI की खबर के अनुसार ओडिशा पुलिस के आधिकारिक सूत्रों ने आईपीएस  सीएम रामदास के इस्‍तीफे की की पुष्टि की है.

मूल रूप से महाराष्ट्र के रहने वाले 33 वर्षीय सीए रामदास को हाल ही में ओडिशा कैडर आवंटित किया गया था. फिलहाल वह हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी  में अपनी शुरुआती चरण की ट्रेनिंग ले रहे हैं. उन्होंने अभी ओडिशा में अपनी फील्ड पोस्टिंग की शुरुआत भी नहीं की थी.

मीड‍िया की खबरों के अनुसार ओडिशा के पुलिस महानिदेशक वाईबी खुरानिया ने बताया क‍ि हमें उनका इस्तीफा मिल चुका है. क्योंकि वह अभी ट्रेनी हैं, इसलिए उन्होंने ओडिशा में कोई फील्ड ट्रेनिंग पूरी नहीं की है. उनके इस फैसले के पीछे की असली वजह क्या है, इसकी जानकारी फिलहाल हमें नहीं है.”

गौरतलब है कि हाल ही में 2013 बैच के आईपीएस अधिकारी और भुवनेश्वर के डीसीपी जगमोहन मीणा ने भी निजी कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से त्यागपत्र दिया था, जिस पर अभी अंतिम फैसला होना बाकी है. जगमोहन मीणा राजस्‍थान के अजमेर के रहने वाले हैं. 

इस्‍तीफे के बाद क्‍या बोले जगमोहन मीणा
छह जुलाई को इस्‍तीफे के बाद NDTV से बातचीत में जगमोहन मीणा ने कहा कि यह फैसला उन्होंने जल्दबाजी या भावनाओं में नहीं लिया, बल्कि परिवार और करीबी मित्रों से विस्तृत चर्चा के बाद लंबे समय तक विचार-विमर्श कर लिया गया निर्णय है. उन्‍होंने कहा क‍ि ओडिशा कैडर में आईपीएस में करीब 13 साल की सेवा के बाद मैंने इस्तीफा दिया है. यह पूरी तरह व्यक्तिगत कारणों से लिया गया फैसला है. इस मामले में मेरी निजता का सम्मान किया जाए. इस निर्णय के पीछे किसी तरह का दबाव या बाहरी कारण नहीं है.

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles