Price Hike : देशभर में सीएनजी और पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े

नई दिल्ली. देशभर में पेट्रोल और डीजल 3-3 रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया है। दिल्ली में अब पेट्रोल 97.77 रुपए प्रति लीटर में मिलेगा। डीजल की कीमत 90.67 रुपए प्रति लीटर हो गई है। नए दाम आज 15 मई से लागू हो गए हैं। करीब 2 साल बाद दामों में ये बढ़ोतरी की गई है।
वहीं कंपनियों को अभी भी पेट्रोल-डीजल पर 25-30 रुपए प्रति लीटर का घाटा हो रहा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों के साथ प्रमुख शहरों में सीएनजी भी 2 रुपए प्रति किलो तक महंगी हो गई हैं।
कांग्रेस पार्टी ने देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने कहा कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन रुपये की बढ़ोतरी करके जनता पर करारा प्रहार किया है। कांग्रेस ने ईंधन की कीमतों में इस वृद्धि को चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव संपन्न होने से जोड़ते हुए कहा कि चुनाव के बाद पीएम मोदी की वसूली शुरू हो गई है।
लगभग चार साल बाद तेल की खुदरा कीमतों में ये बदलाव किया गया है। पहले केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी कीमत बढऩे का संकेत दिया था। इससे लोगों को अंदाजा हो गया था कि जल्दी ही पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ेंगे।
बता दें कि इससे पहले अमूल और मध्य प्रदेश की सबसे बड़ी सहकारी दुग्ध संस्था सांची ने भी दूध के दाम 2 रुपए बढ़ा दिए हैं।
भोपाल में पेट्रोल की कीमत पहले 106.56 रुपए थी। अब यह बढक़र 109.70 रुपए हो गई है। वहीं डीजल 91.93 रुपए से बढक़र 95.04 रुपए प्रति लीटर हो गया है। इंदौर में पहले पेट्रोल 106.58 रुपए प्रति लीटर था। अब यह बढक़र 109.58 रुपए हो गया है। वहीं डीजल पहले 91.97 रुपए था। अब 94.97 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है।
पेट्रोलियम मंत्री ने कहा था कि अगर दाम नहीं बढ़ाए गए तो कंपनियों का घाटा तीन महीने में 1 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा हो सकता है। लेकिन अभी जो बढ़ोतरी हुई है, वो अभी भी उनके नुकसान के मुकाबले कम ही है।
अन्य चीजों के दाम भी बढ़ सकते हैं
मालभाड़ा बढ़ेगा- ट्रक और टेम्पो का किराया बढ़ जाएगा, जिससे दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जियां, फल और राशन महंगे हो जाएंगे।
खेती की लागत- ट्रैक्टर और पंपिंग सेट चलाने के लिए किसानों को ज्यादा खर्च करना होगा, जिससे अनाज की लागत बढ़ेगी।
बस-ऑटो का किराया- सार्वजनिक परिवहन और स्कूल बसों के किराए में भी इजाफा देखने को मिल सकता है।



