अगले साल से ऑनलाइन सीबीटी मोड में एग्जाम होगा नीट का, नीट परीक्षा 21 जून को

नई दिल्ली। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज एक बड़ी घोषणा की है। नीट यूजी परीक्षा में अब बड़ा बदलाव होने वाला है। अगले साल (2027) से अब नीट भी जेईई की तरह कंप्यूटर पर होगी। यानी अब सीबीटी यानि कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन परीक्षा होगी। पेपर लीक रोकने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।
एनटीए के सिस्टम में सुधार करना अब सरकार की प्राथमिकता है। इसका मकसद परीक्षा में पारदर्शिता बढ़ाना और पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकना है। जैसे जेईई में होता है, नीट में भी नार्मलाइजेशन लागू होगी। इससे छात्रों को अपनी परफॉर्मेंस सुधारने का मौका मिलेगा। शिक्षा मंत्रालय का कहना है कि डिजिटल मोड से परीक्षा ज्यादा सुरक्षित और एरर-फ्री होगी
शिक्षा मंत्री ने इस बात को माना कि नीट का पेपर लीक हुआ। उन्होंने माना कि राधाकृष्णन आयोग की रिपोर्ट को पूरी तरह से लागू करने के बावजूद कमान श्रृंखला में सेंध लगी थी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) इस मामले की तह तक जाएगी। गड़बड़ी की कोशिश करने वालों को सजा दी जाएगी। दोबारा परीक्षा देने में छात्रों पर कोई आर्थिक बोझ न आए इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुधार के लिए कई सुझाव आए हैं।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा, अभी एनटीए ने नीट-यूज की नई परीक्षा की तारीख की घोषणा की है। 21 जून को दोबारा परीक्षा की तारीख की घोषणा की है। छात्रों का भविष्य, उनके परिश्रम के प्रति संवेदनशीलता हमारी प्राथमिकता है। तीन मई को परीक्षा हुई थी और सात मई को एनटीए के पास कहीं से आपत्ति आई कि गेस पेपर में ऐसे कुछ प्रश्न आए हैं, जो इस बार के पेपर में थे। एनटीए और सरकार ने तुरंत उसकी जांच की। राज्यों की एजेसियों से संपर्क किया गया। जब हम स्पष्ट हुए कि इस बार पेपर लीक हुआ है, हम नहीं चाहते थे कि शिक्षा माफियाओं के षड्यंत्र के कारण किसी भी सही छात्र के अधिकार वंचित हो जाएं। इसलिए हमने 12 मई को परीक्षा को रद्द कर दिया। हमने आज परीक्षा की नई तिथि की घोषणा की।
प्रधान ने कहा, अब जो परीक्षा होगी, उसकी कोई फीस नहीं होगी। विद्यार्थियों पर कोई आर्थिक बोझ ना आए, हम उसका दायित्व ले रहे हैं। परीक्षा का समय भी बढ़ाया जाएगा। परीक्षा दोपहर 2 बजे से लेकर 5:15 बजे तक होगी। उन्होंने यह भी कहा, अगले साल से नीट की परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट(सीबीटी) मोड से आयोजित होगी।
अब 21 जून को देशभर में होगी नीट परीक्षा
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी यानी एनटीए ने नीट-यूजी की नई तारीख का एलान कर दिया है। अब यह परीक्षा देशभर में 21 जून को होगी। इससे पहले यह परीक्षा 3 मई को हुई थी। हालांकि, पेपर लीक की आशंका के चलते यह सवालों के घेरे में आ गई थी। अब इसकी जांच सीबीआई को सौंप दी गई है। एनटीए ने कहा था कि जल्द ही परीक्षा की नई तारीखों का एलान कर दिया जाएगा। इसके लिए छात्र-छात्राओं को दोबारा फीस देने की जरूरत नहीं होगी। इस परीक्षा के जरिए मेडिकल में प्रवेश दिया जाता है। परीक्षा की तारीख की घोषणा करते हुए एनटीए ने कहा कि उसने केंद्र सरकार की अनुमति के बाद नीट-यूजी-2026 की पुन: परीक्षा रविवार 21 जून 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया है। परीक्षार्थियों व अभिभावकों से अनुरोध है कि वे केवल एनटीए के आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करें।





