बीजेपी ने चार प्रदेश अध्यक्ष बदले, हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली की कमान

नई दिल्ली. बीजेपी ने संगठन में बड़े बदलाव शुरू कर दिए हैं. बीजेपी ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत चार राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए हैं. केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली के साथ ही पंजाब, हरियाणा और पूर्वोत्तर के राज्य त्रिपुरा की पार्टी इकाई को अब नए प्रदेश अध्यक्ष मिल गए हैं. हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली बीजेपी की कमान सौंपी गई है।इसके अलावा, अर्चना गुप्ता को हरियाणा, केवल सिंह ढिल्लो को पंजाब और अभिषेक देबरॉय को त्रिपुरा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष बनाए गए हर्ष मल्होत्रा पूर्वी दिल्ली से सांसद हैं. हर्ष मल्होत्रा केंद्रीय मंत्रिमंडल में भी शामिल हैं और उनके पास सड़क परिवहन मंत्रालय में राज्यमंत्री की जिम्मेदारी है. वह वीरेंद्र सचदेवा की जगह लेंगे.
अर्चना गुप्ता बनीं हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष
डॉ. अर्चना गुप्ता को हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है, डॉ. अर्चना गुप्ता हरियाणा की सक्रिय भाजपा नेता हैं. संगठनात्मक राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है. उन्होंने पार्टी में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं और महिला नेतृत्व को मजबूत करने में भूमिका निभाई. प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उनसे संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं को मजबूत करने की उम्मीद की जा रही है.
पंजाब बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों
केवल सिंह ढिल्लों बरनाला से दो बार विधायक रह चुके हैं. उन्होंने 2022 की संगरूर लोकसभा की उपचुनाव और 2024 में बरनाला विधानसभा की उपचुनाव बीजेपी के टिकट पर लड़ा था. ढिल्लों देश और पंजाब के एक बड़े उद्योगपति हैं. वह कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी रहे हैं, उन्हें बरनाला के लोग विकास पुरुष के तौर पर जानते हैं, उन्होंने अपनी राजनीति हमेशा विकास के मुद्दे पर लड़ी है, जबकि विरोधी खेमे के नेताओं के साथ कभी भी विवाद की राजनीति में वह नहीं पड़े.
त्रिपुरा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक देबरॉय?
अभिषेक देबरॉय त्रिपुरा भाजपा के सक्रिय नेता हैं, जिन्हें अब पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है. वे लंबे समय से संगठन में कार्य कर रहे हैं और पार्टी के विभिन्न अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं. पार्टी नेतृत्व को उनसे त्रिपुरा में संगठन मजबूत करने और जनाधार बढ़ाने की उम्मीद है.









