Twisha Case: गिरिबाला सिंह से सुबह से पूछताछ कर रही थी CBI, हिरासत में ली गईं

भोपाल। ट्विशा शर्मा मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। सीबीआई ने गुरुवार को उसकी सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों के अनुसार, सीबीआई टीम सुबह करीब 10:30 बजे भोपाल के कटारा हिल्स स्थित उनके घर पहुंची थी, जहां कई घंटे तक पूछताछ चली। शाम 5:10 बजे उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, सीबीआई अब गिरिबाला सिंह का मेडिकल परीक्षण कराएगी और इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। अमित सोनी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
कटारा हिल्स स्थित घर के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। Central Bureau of Investigation की टीम के साथ स्थानीय पुलिस भी मौजूद है। इलाके में कटारा हिल्स और बाग सेवनिया थानों की पुलिस तैनात की गई है तथा आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई है।
इस कार्रवाई से एक दिन पहले मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द कर दी थी। कोर्ट ने 17 पन्नों के आदेश में कहा कि मामले की गंभीरता, उपलब्ध साक्ष्य और जांच की वर्तमान स्थिति को देखते हुए आरोपी को राहत देना उचित नहीं है।
घर के भीतर सीबीआई अधिकारियों के साथ सुनील दुबे और अमित सोनी भी मौजूद रहे। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों की आवाजाही लगातार बनी रही।





