MP : जिला संयोजक 1 लाख की रिश्वत लेते पकड़ाया, नीमच कलेक्ट्रेट में लोकायुक्त का एक्शन
नीमच। जिले में आदिम जाति कल्याण विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार पर गुरुवार को लोकायुक्त उज्जैन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला संयोजक राकेश राठौर और उत्कृष्ट बालक छात्रावास नीमच के अधीक्षक हरीश चौहान को एक लाख रुपये की रिश्वत (Bribe) लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। खास बात यह है कि जिला संयोजक राकेश राठौर का हाल ही में स्थानांतरण हो चुका है, लेकिन विभाग से विदाई से पहले ही रिश्वतखोरी का यह मामला सामने आने से पूरे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।
लोकायुक्त की यह कार्रवाई कलेक्टर कार्यालय परिसर में संचालित आदिम जाति कल्याण विभाग (Tribal Welfare Department) के कार्यालय से जुड़ी है। जिस परिसर में जिले के सर्वोच्च प्रशासनिक अधिकारी बैठते हैं, वहीं एक लाख रुपये की रिश्वत का लेन-देन पकड़े जाने से सरकारी कार्यप्रणाली और विभागीय निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
लोकायुक्त डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल ने बताया कि शिकायतकर्ता कुर्दुला एक्का, अधीक्षिका, जूनियर कन्या छात्रावास कुकड़ेश्वर ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि छात्रावास संचालन में अनियमितताओं के चलते कलेक्टर ने उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच शुरू की गई थी। जांच में सहयोग करने तथा उनका लंबित वेतन जारी कराने के नाम पर जिला संयोजक राकेश राठौर और छात्रावास अधीक्षक हरीश चौहान द्वारा 1 लाख 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।शिकायत प्राप्त होने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले का सत्यापन किया। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की गई। तय रणनीति के अनुसार शिकायतकर्ता द्वारा रिश्वत की राशि आरोपियों तक पहुंचाई गई। जैसे ही अधिकारि ने राशि स्वीकार की, पहले से निगरानी कर रही लोकायुक्त टीम ने उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया।
कार्रवाई के दौरान एक लाख रुपये की रिश्वत राशि हरीश चौहान की पैंट की दाहिनी जेब से बरामद की गई। इसके बाद आरोपि के हाथ धुलवाने सहित अन्य तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी कर मौके पर पंचनामा तैयार किया गया। लोकायुक्त अधिकारियों ने रिश्वत से जुड़े आवश्यक साक्ष्य भी जब्त किए हैं।मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।