MP : भाजपा सांसद का ज्ञान, बोले- देश 1952 में आजाद हुआ
रीवा। हमारे देश को आजादी 1947 में मिली, लेकिन रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के हिसाब से भारत 1952 में आजाद हुआ। भले ही उनकी जुबान फिसली हो, लेकिन उनका यह बयान चर्चा का विषय बन गया है। लोग हैरानी भी जता रहे हैं और चुटकी भी ले रहे हैं।
वैसे भाजपा के कई नेता यह कह चुके हैं कि देश को वास्तविक आजादी 2014 में मिली, जब नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने। ऐसे में रीवा सांसद कम से कम 2014 से थोड़ा पीछे तो गए, लेकिन 1947 तक फिर भी नहीं पहुंच पाए।
दरअसल, मीडिया ने उनसे पूछा कि रीवा-मिर्जापुर रेल लाइन कब तक शुरू होगी। जवाब में सांसद ने कहा कि यह मांग तो आजादी के समय से चली आ रही है और फिर जोड़ दिया कि 1952 में देश आजाद हुआ। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके प्रयासों से इस रेल लाइन का सर्वे पूरा हो चुका है।
हालांकि, वर्षों से मांग और सर्वे की बातें हो रही हैं, लेकिन ट्रेन अब तक पटरी पर नहीं दौड़ी। जब मीडिया ने इसी देरी पर सवाल पूछे तो सांसद महोदय नाराज हो गए और पत्रकारों से कह बैठे- आप फालतू बात करते हो।
कुल मिलाकर, ट्रेन अभी भी पटरी पर नहीं आई, लेकिन सांसद का ‘इतिहास ज्ञान’ जरूर सोशल मीडिया की पटरी पर तेजी से दौड़ने लगा।
साभार