MP : सत्येन्द्र भूषण सिंह लघु उद्योग निगम के चेयरमेन और सौभाग्य सिंह पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष बने, गुड्डी आदिवासी को सहरिया विकास प्राधिकरण की. कमान

भोपाल। प्रदेश में राजनीतिक नियुक्तियों का सिलसिला लगातार जारी है। बीजेपी के पूर्व कार्यालय मंत्री सत्येन्द्र भूषण सिंह को लघु उद्योग निगम का अध्यक्ष बनाया गया है। सत्येन्द्र भूषण को दो साल के लिए अध्यक्ष बनाया गया है।
श्योपुर की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष गुड्डी आदिवासी को सहरिया विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। गुड्डी की नियुक्ति तीन साल के लिए की गई है। वहीं उज्जैन के सौभाग्य सिंह को पाठ्य पुस्तक निगम का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
निगम-मंडलों की लिस्ट में गुड्डी पहली महिला अध्यक्ष
अब तक दो दर्जन अध्यक्ष, उपाध्यक्षों के नामों की घोषणा हुई, लेकिन इनमें एक भी महिला को जिम्मेदारी नहीं दी गई थी। निगम मंडलों की लिस्ट में गुड्डी पहली महिला नेत्री हैं जिन्हें मंत्री का दर्जा दिया गया है।
हफ्ते भर में इनके नियुक्ति आदेश भी होंगे जारी बीजेपी के संगठन और सरकार की ओर से करीब आधा दर्जन से ज्यादा नेताओं के नामों को हरी झंडी मिल गई है। यह भी तय हो गया है कि किन नेताओं को कहां एडजस्ट किया जाएगा। बीजेपी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष की रेस में शामिल रहे प्रवीण शर्मा का नाम मप्र युवा आयोग के लिए फाइनल हो गया है।
राघवेन्द्र शर्मा अध्यक्ष मप्र योग आयोग, विनोद गोटिया अध्यक्ष तीर्थ स्थान एवं मेला प्राधिकरण, कौशल शर्मा अध्यक्ष महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान, प्रभुदयाल कुशवाहा अध्यक्ष कुश समाज कल्याण बोर्ड, रमेश चंद्र शर्मा, अध्यक्ष मप्र राज्य कर्मचारी कल्याण समिति, पंकज जोशी अध्यक्ष मप्र खादी ग्रामोद्योग बोर्ड, राकेश जादौन उपाध्यक्ष मप्र खादी ग्रामोद्योग बोर्ड, संदीप जैन अध्यक्ष जबलपुर विकास प्राधिकरण, प्रशांत केसरवानी उपाध्यक्ष जबलपुर विकास प्राधिकरण, ओम जैन अध्यक्ष मप्र हाउसिंग बोर्ड, प्रवीण शर्मा अध्यक्ष मप्र युवा आयोग।





