MP: मंदसौर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मौत का तांडव, ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार कार, महाराष्ट्र के चार की मौत

मंदसौर. दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों और घायलों की पहचान सामने आ गई है। मंदसौर जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र के तितरोद के पास हुए इस दर्दनाक हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक हादसे का शिकार हुए सभी लोग महाराष्ट्र के औरंगाबाद और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले हैं। मृतकों में सचिन गंगाधर, संदीप बोरसे, राजेंद्र कोवडे और रविंद्र काले शामिल हैं। वहीं हादसे में अब्दुल खलील और उमर जागीरदार गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार मंदसौर जिला अस्पताल में जारी है।
बताया जा रहा है कि सभी लोग कार में सवार होकर औरंगाबाद से दिल्ली जा रहे थे। उनका उद्देश्य मोबाइल इक्विपमेंट से जुड़ा सामान खरीदना था। इसी दौरान सीतामऊ के समीप तितरोद के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस, एम्बुलेंस और बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि कुछ घायल और मृतक करीब एक घंटे तक वाहन में ही फंसे रहे।

पुलिस ने मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के गुरुवार देर रात या शुक्रवार सुबह तक मंदसौर पहुंचने की संभावना है। परिजनों के पहुंचने के बाद ही शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल चारों मृतकों के शव सीतामऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाए गए हैं। उधर दोनों घायलों का उपचार जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में जारी है और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक का वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। फिलहाल पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles