MP : ग्वालियर के चपरोली गांव में आधी रात तांडव, दबंगों ने किसान के घर पर किए ताबड़तोड़ फायर

ग्वालियर। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के चपरोली गांव में रविवार-सोमवार दरमियानी रात बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। चार दिन पुराने विवाद का बदला लेने आए हमलावरों ने एक दिव्यांग किसान के घर को घेरकर करीब 20 मिनट तक फायरिंग की। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

दिव्यांग को पैर में छर्रे लगे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। हालांकि, गोली लगने के दावे को लेकर पुलिस और पीड़ित के बयानों में पेंच फंस गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

ग्वालियर के हस्तिनापुर के चपरोली गांव निवासी 55 वर्षीय वेदराम सिंह राणा ने बताया कि वह रात करीब 12 बजे अपने घर के बाहर चारपाई पर लेटे थे। तभी गांव के ही संदीप राणा, कृष्णा उर्फ छुन्ना राणा अपने पिता और एक अन्य साथी के साथ वहां पहुंचे। आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और जब वेदराम ने विरोध किया, तो मारपीट शुरू कर दी।
शोर सुनकर जब पड़ोसी और परिजन बचाने आए, तो बदमाशों ने कट्टे और अधिया (देसी बंदूक) से फायरिंग शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि बदमाशों ने करीब 12 से 15 गोलियां चलाई होंगी। जान बचाने के लिए लोगों को घरों में दुबकना पड़ा।

हमलावर जाते-जाते जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। गोलीबारी के बीच दिव्यांग के पैर में छर्रा लगा है। आधी रात फायरिंग और दहशत की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।

पीड़ित का दावा

इस मामले में गोली लगने को लेकर विरोधाभास सामने आया है। पीड़ित का दावा है कि दिव्यांग किसान वेदराम का कहना है कि बदमाशों की चलाई एक गोली सीधे उसके घुटने में लगी है, जिससे वह लहूलुहान हो गया।

एक्स-रे में नहीं आई बुलेट

पुलिस का कहना है कि घायल का एक्स-रे कराया है। जिसमें कोई गोली या उसका हिस्सा नजर नहीं आया। साथ ही पुलिस ने इतनी ज्यादा फायरिंग से भी इनकार किया है।

पुलिस का तर्क है कि यदि डेढ़ दर्जन फायर होते, तो मौके पर खाली खोखे भी उसी तादाद में मिलते। हस्तिनापुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी अपने-अपने घर छोड़कर फरार हैं।

हस्तिनापुर थाना प्रभारी देवेंद्र लोधी ने बताया, पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों के घरों पर दबिश दी गई, लेकिन वे फरार हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles