भोपाल में अवैध कफ सिरप फैक्ट्री पकड़ी, STF का छापा, 700 से ज्यादा पेटियां मिलीं

भोपाल। गांधी नगर इलाके में अवैध नशीले कफ सिरप के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर रात Special Task Force (एसटीएफ) ने डोबरा पटेल सिटी कॉलोनी में छापा मारकर भारी मात्रा में अवैध कफ सिरप, मशीनें और पैकेजिंग सामग्री जब्त की। कार्रवाई रात करीब 12 बजे शुरू हुई और शुक्रवार सुबह 3 बजे तक चली।
एसटीएफ को मौके से 700 से ज्यादा पेटियां, बड़ी संख्या में बोतलें और कफ सिरप बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनें मिलीं। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक पूरे सेटअप की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपए बताई जा रही है। टीम ने मौके से 10 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है।
अधिकारियों के अनुसार, मकान के अंदर “ऑफ कफ” नाम से अवैध कफ सिरप तैयार किया जा रहा था। दो अलग-अलग कमरों में तैयार माल और पैकिंग का सामान रखा हुआ मिला। बरामद कफ सिरप के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि उसमें इस्तेमाल किए गए नशीले तत्वों की पुष्टि की जा सके।
एसटीएफ का कहना है कि गांधी नगर क्षेत्र से लंबे समय से अवैध नशीले कफ सिरप की सप्लाई की शिकायतें मिल रही थीं। इसी सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। खास बात यह रही कि छापे की जानकारी स्थानीय गांधी नगर पुलिस को भी नहीं दी गई थी। कार्रवाई के दौरान एसटीएफ के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
जिस मकान में यह अवैध फैक्ट्री संचालित हो रही थी, वह किसी मालवीय नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है। हालांकि खबर लिखे जाने तक मकान मालिक से संपर्क नहीं हो सका था। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क के तार किन लोगों से जुड़े हैं और प्रदेश के किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जा रही थी।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles