MP: बीजा मंडल विवाद के चलते पांच महीने में हटाए गए कलेक्टर वैद्य, सीएम की पसंद वाले रोशन सिंह को बनाया नया कलेक्टर

भोपाल। पांच महीने पूर्व पिछले लोकसभा चुनाव से पहले विदिशा कलेक्टर बनाए गए बुद्धेश कुमार वैद्य को राज्य शासन ने देर रात हटा दिया। उनके स्थान पर जनसंपर्क विभाग के संचालक रोशन कुमार सिंह को विदिशा का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है । वैद्य को हटाने का कारण बीजा मंडल विवाद बताया जा रहा है। यहां उल्लेखनीय है कि रोशन कुमार सिंह सीएम मोहन यादव के विश्वसनीय हैं और इसी कारण उन्हें जनसंपर्क संचालक बनाया गया था। वे उज्जैन में नगर निगम आयुक्त रह चुके हैं। अब उन्हें केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के लोकसभा क्षेत्र विदिशा भेजा गया है।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के पहले राज्य सरकार ने उमाशंकर भार्गव का तबादला कर उमरिया कलेक्टर रहे वर्ष 2014 बैच के आईएएस अधिकारी बुद्धेश कुमार वैद्य को विदिशा का कलेक्टर बनाया गया था, लेकिन वह पांच माह के दौरान ही विवादों में आ गए।
तीन दिन पहले शहर के धार्मिक स्थल बीजा मंडल को पुरातात्विक विभाग के हवाले से मस्जिद बताने वाला पत्र लिखकर वह हिंदूवादी संगठनों के निशाने पर आ गए थे। राज्यसभा के पूर्व सदस्य रघुनंदन शर्मा ने बीजा मंडल के पूरे घटनाक्रम को सामाजिक विद्वेष फैलाने वाला बताकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से कलेक्टर को 24 घंटे के भीतर हटाने की मांग की थी। इसी के बाद कलेक्टर का हटना तय माना जा रहा था।
राज्य शासन द्वारा शनिवार देर रात जारी प्रशासनिक अधिकारियों की तबादला सूची में वैद्य को गृह विभाग में उप सचिव बनाया गया है, वहीं जनसंपर्क विभाग में संचालक पद पर नियुक्त वर्ष 2015 बैच के रोशन कुमार सिंह को विदिशा का नया कलेक्टर नियुक्त किया है। वैद्य भोपाल में बीडीए के सीईओ रह चुके हैं, लेकिन कहीं ज्यादा दिन तक कलेक्टर नहीं रह पाए।