संत प्रेमानन्द जी ने दिया अपने भक्तों को भावुक सन्देश – चिंता ना करें, श्रीजी के ध्यान में लगे रहें..

वृंदावन। संत प्रेमानंद महाराज ने अपनी बिगड़ती तबीयत के बीच भक्तों और शिष्यों के लिए भावुक संदेश जारी किया है। केली कुंज आश्रम ट्रस्ट के यूट्यूब चैनल पर जारी 1 मिनट 19 सेकेंड के वीडियो में उन्होंने कहा कि भक्त चिंता न करें और श्रीजी के ध्यान व नाम जप में लगे रहें।
प्रेमानंद महाराज ने कहा, “बिल्कुल चिंता मत करो। हम मिलें न मिलें, बोलें न बोलें, हम आप सबको बहुत प्यार करते हैं। अंतिम बात यही कि चिंता नहीं करनी। बिना बोले तुम्हारे दिमाग में हम होंगे।”
उन्होंने अपने अनुयायियों से गुरुदेव के बताए मार्ग पर चलने और सेवा व भजन में लगे रहने की अपील की। महाराज ने कहा कि जो जिस सेवा में है, वह उसी सेवा में समर्पित रहे और निरंतर नाम जप करता रहे।
बताया जा रहा है कि 17 मई से उनकी रात्रि पदयात्रा बंद है। शिष्यों के अनुसार, स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के कारण वे पिछले 9 दिनों से एकांतिक मुलाकात भी नहीं कर रहे हैं। प्रेमानंद महाराज लंबे समय से किडनी संबंधी बीमारी से जूझ रहे हैं और उन्हें सप्ताह में 2-3 बार डायलिसिस करानी पड़ती है।
अपने संदेश के अंत में उन्होंने भक्तों से निर्भय और निश्चिंत होकर भजन करने का आग्रह करते हुए कहा, “तुम्हारे गुरुदेव तुम्हारे दिमाग में बैठे रहेंगे। आप निर्भय, निश्चिंत, निशोक होकर भजन करो। हमारा जब मन होगा, तब हम बोल देंगे।”





