पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार बने HDFC बैंक के चेयरमैन, RBI की मंजूरी का इंतजार
नई दिल्ली। देश के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त(CEC) और पूर्व वित्त सचिव राजीव कुमार को HDFC बैंक के बोर्ड ने पार्ट-टाइम (गैर-कार्यकारी) चेयरमैन नियुक्त करने का फैसला किया है। हालांकि, उनकी नियुक्ति भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की अंतिम मंजूरी के बाद ही प्रभावी होगी।
राजीव कुमार को 30 जून 2026 से चार वर्ष के लिए अतिरिक्त स्वतंत्र निदेशक (Additional Independent Director) नियुक्त किया गया है, जबकि चेयरमैन के रूप में उनका कार्यकाल तीन वर्ष का होगा और यह RBI की स्वीकृति मिलने की तारीख से शुरू होगा।
अतनु चक्रवर्ती की जगह संभालेंगे जिम्मेदारी
राजीव कुमार, HDFC बैंक के पूर्व चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती का स्थान लेंगे। चक्रवर्ती ने मार्च 2026 में पद से इस्तीफा दिया था, जिसके बाद वरिष्ठ बैंकर केकी मिस्त्री अंतरिम चेयरमैन के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। बैंक लंबे समय से स्थायी चेयरमैन की तलाश में था।
कौन हैं राजीव कुमार?
राजीव कुमार 1984 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार में वित्त सचिव और वित्तीय सेवा विभाग के सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। बाद में वे भारत के 25वें मुख्य चुनाव आयुक्त बने और लोकसभा चुनाव सहित कई महत्वपूर्ण चुनावों की निगरानी की। बैंकिंग सुधार, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के पुनर्पूंजीकरण और वित्तीय प्रशासन में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए HDFC बैंक ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है।
बैंक ने क्या कहा?
HDFC बैंक के बोर्ड ने कहा कि राजीव कुमार की नियुक्ति से बैंक के बोर्ड को अनुभवी नेतृत्व मिलेगा। उनकी नियुक्ति शेयरधारकों और RBI की मंजूरी के अधीन है।