Adani ग्रुप की 3 कंपनियां बंद, 1 अप्रैल से लागू हुआ ये फैसला

नई दिल्ली। अदाणी समूह (Adani Group) ने 1 अप्रैल को बाजार बंद होने के बाद एक अहम जानकारी दी है। दरअसल, इस ग्रुप ने बताया कि अदाणी समूह की 5 कंपनियों के बीच ‘कंपोजिट स्कीम’ आज से लागू हो गई है। इसके साथ ही कंपनियों का मर्जर होने से ग्रुप की 3 कंपनियों का अस्तित्व खत्म हो गया है। इससे पहले कंपनी ने 16 मार्च 2026 को शेयर बाजारों को जानकारी दी थी कि NCLT (नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल), अहमदाबाद बेंच ने कंपनी अधिनियम, 2013 के तहत अदाणी ग्रुप की कंपनियों के बीच एक ‘कंपोजिट स्कीम ऑफ अरेंजमेंट’ को अपनी मंजूरी दे दी थी।
अब कंपनी ने यह सूचित किया है कि इस स्कीमको लागू करने के लिए जो भी जरूरी शर्तें तय की गई थीं, वे सभी अब पूरी कर ली गई हैं। इसके परिणामस्वरूप, यह ‘कंपोजिट स्कीम’ आज यानी 1 अप्रैल 2026 से पूरी तरह से प्रभावी हो गई है।
इस स्कीम में कौन-सी कंपनियां शामिल हैं?
इस स्कीम में 5 कंपनियां और उनके शेयरधारक शामिल
अदाणी ग्रीन टेक्नोलॉजी लिमिटेड (AGTL)
अदाणी इमर्जिंग बिजनेसेस प्राइवेट लिमिटेड (AEBPL)
अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (AEL / कंपनी)
अदाणी ट्रेडकॉम लिमिटेड (ATL)
अदाणी न्यू इंडस्ट्रीज लिमिटेड (ANIL)
इस योजना के प्रभावी से कंपनियों के ढांचे में बड़े बदलाव हुए
AGTL और AEBPL का मर्जर: इन दोनों कंपनियों को मुख्य ‘कंपनी’ (यानी अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड – AEL) में मिला दिया गया है।
ATL का विलय: ATL कंपनी को ANIL (अदाणी न्यू इंडस्ट्रीज लिमिटेड) के साथ मिला दिया गया है।
3 कंपनियों का अस्तित्व खत्म: इस विलय (मर्जर) के पूरा होने के कारण, अब AGTL, AEBPL और ATL—इन तीनों कंपनियों का अपना अलग कानूनी अस्तित्व (वजूद) खत्म हो गया है। इन कंपनियों को कंपनी बंद करने की लंबी कानूनी प्रक्रिया के बिना सीधे तौर पर भंग कर दिया गया है।





