दो माह गुजरने के बावजूद इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद का फैसला नहीं हो पाया है। भोपाल में १३ मार्च को होने वाले प्रदर्शन के बाद अध्यक्ष के नाम की घोषणा हो सकती है। उधर जिलाध्यक्ष पद के लिए सदाशिव यादव को नियुक्ति पत्र शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सौंपा। इंदौर ग्रामीण यादव के अलावा मंदसौर में विपिन जैन को अध्यक्ष बनाया गया है।
दावेदार दिखाएंगे प्रदर्शन में ताकत
इंदौर नगर अध्यक्ष पद के लिए पहले अरविंद बागड़ी की नियुक्ती हो गई थी। उन्होंने गांधीभवन जाकर पदभार भी ग्रहण कर लिया था, लेकिन उनके विरोध में लामबंद नेता भोपाल पहुंचे और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ के समक्ष विरोध प्रकट किया। इसके बाद उनकी नियुक्ती होल्ड पर रख दी गई।
इंदौर से नगर अध्यक्ष के लिए गोलू अग्निहोत्री दावेदारी जता रहे है। पूर्व विधायक अश्विन जोशी का नाम भी चर्चा में है, लेकिन सहमति नहीं बनी। वैसे अध्यक्ष पद के दावेदार भोपाल में राजभवन में होने वाले प्रदर्शन में तगड़ी भीड़ जुटाकर शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में लगे है। सूत्रों के अनुसार इंदौर और खंडवा के नगर अध्यक्ष पद का फैसला एक साथ हो सकता है। दोनो ही शहरों के अध्यक्ष पद होल्ड पर रखे गए है। खंडवा में मोहन दाकसे को शहर में और ग्रामीण में मनोज भारत्कर को अध्यक्ष बनाया गया था, लेकिन बाद में उनकी नियुक्ती होल्ड पर रख दी गई थी।
इंदौर ग्रामीण, मंदसौर और छतरपुर में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष नियुक्त
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की ओर से केसी वेणुगोपाल, जनरल सेक्रेटरी (इंचार्ज मध्य प्रदेश) ने प्रेस रिलीज जारी करके बताया है कि, कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इंदौर ग्रामीण में श्री सदाशिव यादव, मंदसौर में श्री विपिन जैन और छतरपुर में श्री लखन पटेल को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है।
उल्लेखनीय है कि 13 मार्च को होने वाले राजभवन के घेराव कार्यक्रम का नेतृत्व कमलनाथ करेंगे। मध्य प्रदेश की राजनीति में शायद पहली बार होगा जब कमलनाथ किसी आंदोलन, किसी विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले हैं। बताया जा रहा है कि, कांग्रेस पार्टी के सभी विधायकों और जिला अध्यक्ष को टारगेट दिए गए हैं।
Post a Comment