Election: पीएम पर बरसे राहुल गांधी, कहा- डरे हुए मोदी कभी भी रो पड़ेंगे

बेंगलुरू। देशभर में लोकसभा चुनाव की सरगर्मी जारी है और इस बीच पक्ष और विपक्ष के नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोपों का दौर भी जारी है। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डरे हुए हैं और इस वजह से किसी भी मंच पर आंसू बहा सकते हैं। कर्नाटक के विजयपुरा मे राहुल गांधी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अगर आपने प्रधानमंत्री के संबोधनों को सुना है, तो आपको लगा होगा कि वह डरे हुए हैं। राहुल ने संभावना जताई कि पीएम किसी भी मंच पर आंसू बहा सकते हैं।

जनता का ध्यान भटका रहे हैं पीएम मोदी- राहुल
बता दें कि हाल ही में पीएम मोदी ने मंगलसूत्र, धन का पुनर्वितरण और पुश्नैती संपत्ति पर टैक्स को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा था। अब पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री पर अलग अलग माध्यमों से जनता का ध्यान भटकाने का आरोप लगाया है। राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी आपका ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। कभी वह चीन तो कभी पाकिस्तान के बारे में बातें करते हैं, कभी आपको थालियां बजाने को कहते हैं तो कभी आपको आपके मोबाइल फोन की लाइट जलाने को कहते हैं। इस तरह से लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिशें हो रहीं हैं।

गरीबों का धन छीनकर कुछ लोगों को अरबपति बनाया गया- राहुल
राहुल गांधी ने इस बात पर जोर दिया कि इस समय देश में गरीबी, बेरोजगारी और महंगाई जैसी समस्याएं हैं। उन्होंने कहा कि सिर्फ कांग्रेस ही देश में बेरोजगारी और महंगाई पर रोक लगाकर लोगों को उनका हक दिला सकती है। कांग्रेस नेता ने कहा कि पीएम मोदी ने सिर्फ गरीब लोगों का धन छीनकर कुछ लोगों को अरबपति बनाया है। उन्होंने कहा कि इस समय देश के 22 लोगों के पास देश के 70 करोड़ लोगों के बराबर संपत्ति है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समय सिर्फ एक प्रतिशत लोग देस की 40 फीसदी संपत्ति पर कब्जा जमाए हुए हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने आगे कहा कि अगर मौजूदा योजनाओं को देखें तो दलित, ओबीसी और पिछली जातियों को कोई भी फायदा नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि मैं एक बात स्पष्ट करना चाहता हूं कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो पीएम मोदी ने जिन लोगों को अरबपति बनाया है, वह पैसा गरीबों लोगों में बांटा जाएगा।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles