6 आईएएस अफसरों के ट्रांसफर, राकेश श्रीवास्तव स्वास्थ्य विभाग के अपर सचिव बने


भोपाल। राज्य शासन ने 6 आईएएस अफसरों के ट्रांसफर किए हैं। खनिज विभाग के अपर सचिव राकेश श्रीवास्तव को हटाकर स्वास्थ्य विभााग में अपर सचिव बनाया गया है। खनिज साधन विभाग के अपर सचिव राकेश कुमार श्रीवास्तव को स्वास्थ्य विभाग का अपर सचिव बनाया गया। सोनिया मीणा को आदिम जाति क्षेत्रीय विकास योजनाएं और अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम में संचालक बनाया गया। रीवा के सीईओ जिला पंचायत स्वप्निल वानखेडे को जबलपुर नगर निगम में कमिश्नर बनाया गया है। उमरिया की अपर कलेक्टर मिशा सिंह को जबलपुर का अपर कलेक्टर बनाया गया है। औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग की उप सचिव अंजू पवन भदौरिया को रायसेन में जिला पंचायत सीईओ बनाया गया है। नरसिंहपुर के सीईओ जिला पंचायत सौरभ संजय सोनवणे को रीवा का जिला पंचायत सीईओ बनाया गया है।
भाजपा ने अनूपपुर और राजगढ़ के जिलाध्यक्ष बदले
भाजपा ने संगठन में बदलाव किया है। अनूपपुर के जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम और राजगढ़ के जिलाध्यक्ष यादव प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाए गए हैं। रामदास पुरी को अनूपपुर जिलाध्यक्ष बनाया गया है। ज्ञानसिंह गुर्जर को राजगढ़ जिलाध्यक्ष बनाया है।
फरार लोकायुक्त के पूर्व डीएसपी कुरचानिया सस्पेंड
लोकायुक्त के पूर्व कार्यवाहक डीएसपी योगेश कुरचानिया को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। कुरचानिया पर नागरिक सहकारी बैंक, गंजबासौदा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) हरिओम भावसार को आय से अधिक संपत्ति का कूटरचित नोटिस दिखाकर एक लाख रुपए की डिमांड करने का आरोप है। उनके खिलाफ विदिशा के गंजबासौदा देहात में शुक्रवार को एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने दो लोगों को मौके से गिरफ्तार किया था। कुरचानिया फरार हो गए थे। निलंबन आदेश रविवार देर रात आया।

0/Post a Comment/Comments