अंकिता का शव मिला, उत्तराखंड हिला, आरोपी का रिजॉर्ट ढहाया, पिता पुत्र बीजेपी से बाहर


देहरादून। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में अंकिता भंडारी हत्याकांड बीजेपी के लिए भी मुसीबत बनता दिख रहा है। लोगों का विरोध जारी है। शनिवार सुबह नहर से मिले अंकिता के शव का शनिवार को ऋषिकेश AIIMS में पोस्टमार्टम हुआ। इस दौरान अस्पताल के बाहर भारी भीड़ जमा थी। हत्या का आरोप राज्य के पूर्व मंत्री विनोद आर्य के बेटे पुलकित पर है। 19 साल की अंकिता उसके रिसॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट थी। प्रशासन ने शुक्रवार रात को पुलकित के रिसॉर्ट को बुलडोजर चलाकर ढहा दिया। शनिवार को गुस्साए लोगों ने उसमें आग लगा दी। इधर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस मामले में बीजेपी को घेरा है। 

प्रशासन ने शुक्रवार रात को आरोपी पुलकित के रिसॉर्ट पर बुलडोजर चलाकर उसका बड़ा हिस्सा तोड़ दिया था।

इस घटना के बाद भाजपा ने शनिवार को पुलकित के पिता विनोद आर्य को पार्टी से निकाल दिया। वे भाजपा नेता और उत्तराखंड सरकार में मंत्री रह चुके हैं। आर्य भाजपा OBC मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य और UP के सह प्रभारी भी थे। पुलकित के भाई अंकित आर्य को भी उत्तराखंड OBC कल्याण आयोग के उपाध्यक्ष पद से हटा दिया गया है। उन्हें राज्य मंत्री का दर्जा मिला हुआ था। घटना से नाराज लोगों ने स्थानीय भाजपा विधायक रेणु बिष्ट की गाड़ी के कांच फोड़ दिए।

रिसॉर्ट में अनैतिक गतिविधियों पर झगड़े के बाद हत्या
पुलिस ने FIR में दर्ज किया है कि अंकिता भंडारी अंकिता 17-18 सितंबर से गायब थी। इसके बाद उसके पिता ने रिसॉर्ट पहुंचकर कर्मचारियों से पूछताछ की थी। बेटी का पता नहीं चलने पर उन्होंने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। अंकिता 17 सितंबर की रात करीब 8 बजे पुलकित आर्य, उसके रिजॉर्ट मैनेजर सौरभ भास्कर और अंकित उर्फ ​​पुलकित गुप्ता के साथ ऋषिकेश गई थी।

वापस आते समय तीनों आरोपियों ने चीला रोड के किनारे शराब पी। अंकिता उनके ड्रिंक खत्म होने का इंतजार करती रही। शराब पीने के बाद तीनों लड़की से झगड़ने लगे। हाथापाई में अंकिता ने पुलकित का मोबाइल भी नहर में फेंक दिया था। इस दौरान अंकिता ने रिसॉर्ट में अनैतिक गतिविधियों का विरोध किया था। उसने धमकी भी दी कि वह सभी को यहां चलने वाली अनैतिक गतिविधियों के बारे में बता देगी। इस बात से गुस्साए पुलकित और उसके साथियों ने लड़की को नहर में धकेल दिया।

पुलकित के पिता-भाई BJP से निष्कासित

हत्याकांड में आरोपी पुलकित आर्य के पिता भाजपा नेता विनोद आर्य और भाई अंकित आर्यो को पार्टी ने निष्कासित कर दिया है। हत्याकांड में तीन आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि भाजपा ने अंकिता हत्याकांड में पुलकित आर्य की गिरफ्तारी के बाद पुलकित के पिता विनोद आर्य और उनके पुत्र डॉ. अंकित आर्य को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश पर यह कार्यवाही की गई है।

राहुल गांधी ने किया हमला

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस मामले में सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट किया, ''मुरादाबाद और उत्तराखंड में युवतियों के साथ जो घटनाएं हुई हैं, उनसे सबका दिल दहला दिया है। भारत जोड़ो यात्रा में, मैं कई प्रतिभाशाली बच्चियों और युवतियों से मिल रहा हूं, उन्हें सुन रहा हूं। एक बात साफ है, हमारा भारत तब ही आगे बढ़ेगा, जब देश की महिलाएं सुरक्षित होंगी।''

0/Post a Comment/Comments