MP : ग्वालियर में खनन माफिया का SDM टीम पर हमला, गनमैन से धक्का-मुक्की, गिट्टी से भरी ट्रॉली ले भागे


ग्वालियर। ग्वालियर में अवैध खनन माफिया की दबंगई का मामला सामने आया है। गुरुवार शाम करीब 5 बजे एसडीएम सूर्यकांत त्रिपाठी की टीम ने बिना रॉयल्टी गिट्टी ले जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान माफिया ने न केवल एसडीएम के गनमैन के साथ धक्का-मुक्की की, बल्कि अपने साथियों की मदद से गिट्टी से भरी ट्रॉली लेकर फरार हो गए।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी एसडीएम के गनमैन के साथ अभद्रता करते नजर आ रहे हैं। बाद में आरोपियों ने डबका गांव में जाकर ट्रॉली खाली कर दी। मामले में हस्तिनापुर पुलिस ने भोगीपुरा निवासी कल्ली सिंह गुर्जर, एदल सिंह गुर्जर और डबका निवासी हरी सिंह के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने व खनिज अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है।

हरी सिंह ने अपनी बोलेरो से ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक को भागने में मदद की थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर रुचिका चौहान ने कड़ी कार्रवाई का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अपराधियों को राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जिला बदर किया जाएगा। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles