IND vs WI: भारत टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में, वेस्टइंडीज से 2016 का बदला पूरा, संजू सैमसन जीत के हीरो

कोलकाता. भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। उसने संजू सैमसन की रिकॉर्ड नाबाद 97 रनों की पारी के दम पर सुपर-8 के एक तरह से क्वार्टर फाइनल मुकाबले में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराया। कोलकाता के ऐतिहासिक स्टेडियम ईडन गार्डंस स्टेडियम में विंडीज ने पहले बैटिंग करते हुए 196 रनों का स्कोर किया। जवाब में भारतीय टीम ने संजू सैमसन की रिकॉर्ड पारी के दम पर टी20 विश्व कप इतिहास में सबसे बड़ी जीत (रन चेज) हासिल की। 2014 में भारत ने साउथ अफ्रीका के 173 रनों के लक्ष्य को हासिल किया था। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने सबसे अधिक 2 विकेट झटके, जबकि भारतीय टीम की इंग्लैंड से सेमीफाइनल में भिड़ंत 5 मार्च को होगी। यह मुकाबला वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।
भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। बड़े लक्ष्य के आगे अभिषेक शर्मा सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अकील हुसैन ने उन्हें शिमरन हेटमायर के हाथों कैच आउट कराया।हालांकि, पिछले मैच में विस्फोट करने वाले संजू सैमसन ने उसी अंदाज में शुरुआत की और आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने वेस्टइंडीज के गेंदबाजों से अकेले लोहा लिया।दूसरे छोर पर ईशान किशन 6 गेंदों में 10 और कप्तान सूर्यकुमार यादव 16 गेंदों में एक चौका और एक छक्का लगाने के बाद 16 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए।
इस बीच संजू ने 26 गेंदों में मोती को लगाए गए चौके से टी20 विश्व कप में पहली हाफ सेंचुरी जड़ी। इस दौरान वह फियरलेस दिख रहे थे और कमाल की बल्लेबाजी से दर्शकों को खूब मनोरंजन कर रहे थे।
दूसरे छोर पर तिलक वर्मा ने शुरुआत तो धीमी की, लेकिन जल्द ही अपने रनचेज मास्टर वाले अंदाज में आ गए। उन्होंने शमर जोसेफ को 13वें ओवर में 4 चौके ठोकते हुए भारत को ड्राइविंग सीट पर बिठा दिया।
तिलक वर्मा हालांकि 27 रन की पारी खेलकर जेसन होल्डर की गेंद पर आउट हो गए। उन्होंने 15 गेंदों में 4 चौके और एक छक्का लगाया। इसके बाद हार्दिक पंड्या (15) का विकेट भी गिरा।
इसके बाद संजू सैमसन ने कोई झटका नहीं लगने दिया और भारत को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया। सैमसन ने 50 गेंदों में 12 चौके और 4 छक्के के दम पर 97 रनों की नाबाद पारी खेली। शिवम दुबे ने 2 चौके के दम पर नाबाद 8 रन बनाए।





