MP : राज्यसभा चुनाव की गतिविधियां तेज, भाजपा और कांग्रेस में नामों को लेकर मंथन जारी

भोपाल।प्रदेश में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा की रणनीतिक तैयारियां पूरी हो गई हैं, राज्यसभा प्रत्याशियों के नामों को लेकर बुधवार को दिल्ली से लेकर भोपाल तक राजनीतिक हलचल रही।
बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दिल्ली दौरे और प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की दिल्ली से भोपाल वापसी के बाद माना जा रहा है कि पार्टी आलाकमान ने संभावित नामों पर प्रदेश नेतृत्व से अंतिम चर्चा कर सिलेक्टेड नामों की जानकारी दे दी है। अगले एक-दो दिन में इसकी अधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।
भाजपा सूत्रों के मुताबिक राज्यसभा चुनावों के जरिए पार्टी आगामी संगठनात्मक प्राथमिकताओं को साधने जा रही है। मुख्यमंत्री और प्रदेशाध्यक्ष के दिल्ली दौरों के बाद अब गेंद पूरी तरह केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) के पाले में है। माना जा रहा है कि अगले 48 घंटों में दिल्ली से हरी झंडी मिलते ही पार्टी अपने अधिकृत नामों का ऐलान कर देगी।
दो दिन से खंडेलवाल का दिल्ली में डेरा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को दिल्ली में केंद्रीय उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री पीयूश गोयल समेत कई पार्टी पदाधिकारियों और केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की। आधिकारिक तौर पर यह मुलाकात विकास कार्यों को लेकर थी, लेकिन माना जा रहा है कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने राज्यसभा चुनाव की रणनीति और प्रदेश संगठन के इनपुट पर सीएम से चर्चा की है।
इससे ठीक पहले, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल दो दिनों तक दिल्ली में डेरा डाले हुए थे। वे वहां केंद्रीय नेतृत्व के साथ कई महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकों में शामिल हुए।
सूत्रों के मुताबिक, इन बैठकों में मध्यप्रदेश संगठन की ओर से तैयार जमीनी फीडबैक, क्षेत्रीय संतुलन और सामाजिक समीकरणों का पूरा खाका केंद्रीय आलाकमान के सामने रखा गया। राष्ट्रीय नेतृत्व से अहम दिशा-निर्देश लेने के बाद प्रदेशाध्यक्ष बुधवार को वापस भोपाल लौट आए हैं।

इस बार सियासी हल्कों में सबसे ज्यादा जोर इस बात पर है कि बीजेपी सामान्य वर्ग से भी उम्मीदवार उतार सकती है. इसमें जो 4 नाम टॉप पर हैं. बीजेपी के वरिष्ठ नेता और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया, नरोत्तम मिश्रा और कांग्रेस से बीजेपी में आने के बाद लंबे समय से पुनर्वास की प्रतीक्षा कर रहे सुरेश पचौरी.”

कांग्रेस में नए चेहरे को राज्यसभा भेजने पर मंथन

कांग्रेस इस बार नए चेहरे पर विचार कर रही है. सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस आलाकमान ने प्रदेश नेतृत्व से विभिन्न सामाजिक वर्गों और राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले नेताओं के नाम मांगे हैं, जिसके बाद संभावित दावेदारों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी और सीडब्ल्यूसी मेंबर कमलेश्वर पटेल के नामों की चर्चा पहले से थी, लेकिन अब पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का नाम फिर चर्चा में आ गया है।
इस बीच, उम्मीदवारों के चयन को लेकर 5 जून को दिल्ली में एक बड़ी और निर्णायक बैठक होने जा रही है। इस बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मप्र के दिग्गज नेताओं के साथ मंथन करेंगे।बैठक में शामिल होने के लिए मप्र कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार दिल्ली पहुंच रहे हैं। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी के अनुसार, फिलहाल नामों की कोई अंतिम सूची तैयार नहीं हुई है।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles