कटनी। कटनी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा विधायक संजय पाठक ने जिले के विकास को लेकर खुलकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के कई छोटे और आसपास के जिले विकास के मामले में आगे निकल गए, लेकिन कटनी अभी भी अपेक्षित प्रगति नहीं कर पाया है। खास बात ये रही कि इस कार्यक्रम में बीजेपी के. पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा भी. मौजूद थे।
संजय पाठक ने कहा कि रीवा महानगर बनने की दिशा में बढ़ चुका है, जबकि शहडोल, दमोह, सतना, मंडला, डिंडौरी और सिवनी जैसे जिले भी विकास की रफ्तार पकड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि कटनी के पास बेहतर संभावनाएं होने के बावजूद जिला पीछे रह गया।
हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कटनी में अब तक जितने भी बड़े विकास कार्य हुए हैं, वे भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही हुए हैं। लेकिन उन्होंने माना कि जिले को जितना विकास मिलना चाहिए था, उतना नहीं मिल सका और अभी भी कई क्षेत्रों में काम की जरूरत है।
विधायक का यह बयान इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि यह भाजपा की सरकार के दौरान ही आया है। इसे स्थानीय विकास व्यवस्था पर उनकी नाराजगी के रूप में देखा जा रहा है।
बयान के बाद जिले की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। राजनीतिक जानकार सवाल उठा रहे हैं कि कटनी की राजनीति में लंबे समय से संजय पाठक और उनके परिवार का प्रभाव रहा है। ऐसे में यदि जिला विकास की दौड़ में पीछे है, तो इसकी जिम्मेदारी किस पर तय की जाए, यह बहस का विषय बन गया है। वहीं, समर्थकों का कहना है कि विधायक का उद्देश्य सरकार का विरोध नहीं, बल्कि कटनी के लिए अधिक विकास कार्यों की मांग को मजबूती से उठाना है।
कटनी के विकास को लेकर अपनी ही सरकार पर बरसे भाजपा विधायक संजय पाठक, बोले- ‘पीछे रह गया मेरा कटनी’
