भोपाल। भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए पूर्व गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा का टिकट काट दिया है। साथ ही आशुतोष तिवारी को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी के केंद्रीय कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में उनके नाम की घोषणा की गई।
आशुतोष तिवारी भाजपा संगठन में लंबे समय तक सक्रिय रहे हैं। वे मध्य प्रदेश भाजपा के पूर्व संगठन मंत्री रह चुके हैं और मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
दतिया उपचुनाव को प्रदेश की अहम राजनीतिक लड़ाइयों में माना जा रहा है। भाजपा ने संगठनात्मक अनुभव और लंबे राजनीतिक कार्यकाल को देखते हुए आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा है। उनके नाम की घोषणा के साथ ही दतिया सीट पर चुनावी मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है।
बीजेपी ने बिहार की बाँकीपुर विधानसभा सीट से नीरज सिन्हा को टिकट दिया है।
दतिया सीट पूर्व कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद रिक्त हुई थी। अब कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी घोषित होना बाकी है। पार्टी में पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की पत्नी शोभा भारती का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। इसके अलावा घनश्याम सिंह और अवधेश नायक के नामों की भी चर्चा है।
