UPSC: यूपीएससी के 10 चमकते चेहरे, किसी ने MBBS की तो कोई है आईआईटीयन, भोपाल का ईशान लाया 5वीं रैंक…

नई दिल्ली / भोपाल। यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम जारी हो चुका है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में राजस्थान के रावतभाटा के अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान हासिल किया है, जबकि तमिलनाडु की राजेश्वरी सुवे एम दूसरे और पंचकुला के एकांश ढुल तीसरे स्थान पर रहे। भोपाल का ईशान भटनागर 5वीं रैंक पर आया। इस बार कुल 958 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।
राजस्थान के एक छोटे शहर से आने वाले अनुज अग्निहोत्री ने अपनी मेहनत और लगन से सिविल सेवा की तैयारी में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। अनुज ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 में शीर्ष स्थान हासिल किया है। वह राजस्थान के रावतभाटा के रहने वाले हैं। अपनी स्कूली शिक्षा उन्होंने यहीं से पूरी की। इसके बाद, उन्होंने मेडिकल क्षेत्र में पढ़ाई करते हुए एम्स जोधपुर से एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त की।
डॉक्टर बनने के बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवाओं की ओर रुख किया और फिलहाल DANICS (दिल्ली, अंडमान और निकोबार सिविल सेवा) में प्रोबेशनर के रूप में कार्यरत हैं।
दूसरी रैंक हासिल करने वालीराजेश्वरी सुवे एम
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 2 हासिल करने वाली राजेश्वरी सुवे एम तमिलनाडु के मदुरै जिले से आती हैं। उन्होंने इलैक्ट्रिकल और इलैक्ट्रॉनिक्स में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग (BE) की है। राजेश्वरी का वैकल्पिक विषय समाजशास्त्र (Sociology) था।
तीसरी रैंक हासिल करने वाले एकांश ढुल
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 3 हासिल करने वाले एकांश ढुल पंचकुला के रहने वाले हैं। वह भाजपा नेता कृष्ण ढुल के बेटे हैं। उन्होंने पहले भी दो बार यूपीएससी परीक्षा पास की है, उनका लगातार तीसरी बार चयन हुआ है। 25 साल के एकांश ढुल ने एक बार फिर अपने परिवार और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
राघव झुनझुनवाला ने हासिल की चौथी रैंक
मुजफ्फरपुर के राघव झुनझुनवाला संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में चौथी रैंक हासिल की है। उनके पिता स्वर्गवासी नवीन झुनझुनवाला माता अंजू झुनझुनवाला है। राघव की प्रारंभिक शिक्षा मुजफ्फरपुर के एक निजी स्कूल से पूरी हुई थी। 10वीं और 12वीं की परीक्षा अपने स्कूल में भी टॉप रह चुके है। इसके बाद उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में अर्थशास्त्र में ग्रेजुएशन की।

ईशान भटनागर की आई पांचवीं रैंक
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में भोपाल के ईशान भटनागर ने देशभर में 5वीं रैंक हासिल की। ईशान वर्तमान में भारतीय राजस्व सेवा की ट्रेनिंग ले रहे हैं। ईशान ने दिल्ली के नेशनल लॉ कॉलेज विश्वविद्यालय से बीएएलएलबी कर चुके हैं। ईशान ने स्कूली शिक्षा डीपीएस भोपाल से पूरी की है। ईशान की मां विनीता भटनागर आरजीपीवी में प्रोफेसर हैं। पिता शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
जिनिया अरोड़ा की आई छठी रैंक
जिनिया अरोड़ा ब्यूरोक्रैट्स के परिवार से आती हैं और उनके माता-पिता दोनों ही सिविल सर्वेंट हैं। उन्होंने ग्रेजुएशन के साथ ही अपनी यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी थी। यूपीएससी 2024 परीक्षा में उन्होंने 156वीं रैंक हासिल की थी। जीनिया की स्कूलिंग दिल्ली के संस्कृति स्कूल से हुई है। स्कूली शिक्षा खत्म होने के बाद उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के सेंट स्टीफंस कॉलेज से पढ़ाई की। यहां से उन्होंने पॉलिटिकल साइंस एंड गवर्नमेंट, इकोनॉमिक्स के साथ बैचलर ऑफ आर्ट्स किया है।
कौन हैं 7वीं रैंक हासिल करने वाले ए. आर. राजा मोहिदीन?
ए. आर. राजा मोहिदीन का जन्म तमिलनाडु के कांचीपुरम जिले के चेंगलपट्टू में हुआ था। उनका पालन-पोषण चेन्नई में हुआ, जहां उन्होंने अपने प्रारंभिक जीवन का अधिकांश समय बिताया। उनकी मातृभाषा तमिल है। राजा मोहिदीन की शैक्षणिक पृष्ठभूमि बचपन से ही बहुत मजबूत थी। उन्होंने 2014 में चेन्नई के डीएवी बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल से कक्षा 10वीं उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने चेन्नई के डीएवी हायर सेकेंडरी स्कूल से कक्षा 12वीं उत्तीर्ण की।
एमपी के पक्षल को 8वीं रैंक
प्रदेश के धार जिले की कुक्षी विधानसभा के ग्राम बाग निवासी पक्षल जैन (सेक्रेटरी) ने 8वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल की है। पक्षल के पिता नीलेश जैन ग्राम बाग में ही कपड़ा व्यापारी व मां दीप्ति जैन हाउस वाइफ हैं। बताया जा रहा है कि पक्षल अभी दिल्ली में हैं। उन्होंने महेश मेमोरियल पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल बाग और एसआईसीए स्कूल से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की। इसके बाद उन्होंने अर्थशास्त्र की पढ़ाई आईआईटी कानपुर से की।
कांधला की आस्था जैन ने पाई नौवीं रैंक
शामली के कांधला के बड़ा बाजार की निवासी आस्था जैन ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 में नौवीं रैंक हासिल की है। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा शहर के प्रतिष्ठित स्कॉटिश स्कूल से प्राप्त की। वर्ष 2018-19 में उन्होंने सीबीएसई कक्षा 12वीं की परीक्षा में राष्ट्रीय स्तर पर चौथा स्थान हासिल कर अपनी शैक्षणिक क्षमता का लोहा मनवाया था। इससे पहले वर्ष 2023 में अपने पहले प्रयास में उन्होंने 131वीं रैंक हासिल की थी और वर्तमान में वे पुलिस अकादमी हैदराबाद में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। आस्था जैन ने अपनी यूपीएससी की तैयारी के लिए किसी भी कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया।
उज्ज्वल प्रियांक ने हासिल की 10वीं रैंक
बिहार के वैशाली जिले के बिदुपुर दिलावरपुर पूर्वी निवासी उज्ज्वल प्रियांक ने यूपीएससी सीएसई 2025 में 10वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार का नाम रोशन किया। उनके पिता संजीव कुमार एक इंजीनियर और कुशल किसान हैं। उज्ज्वल प्रियांक शुरू से ही मेधावी छात्र रहे। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पटना के एक निजी स्कूल से सीबीएसई बोर्ड से पूरी की। वर्ष 2016 में सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा में 10 सीजीपीए हासिल किया, जबकि वर्ष 2018 में आईएससी परीक्षा में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसके बाद उन्होंने जयपुर इंजीनियरिंग कॉलेज से कंप्यूटर साइंस में बीटेक की डिग्री हासिल की। उज्ज्वल प्रियांक ने यह सफलता तीसरे प्रयास में प्राप्त की है।





