Shivraj : केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लिखी पीएम मोदी पर किताब ‘अपनापन’…

भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व और कार्यशैली पर आधारित पुस्तक ‘अपनापन’ लिखी है। इसकी जानकारी शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी। पुस्तक का विमोचन 26 मई को दिल्ली में किया जाएगा।
शिवराज ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उनके लिए ‘अपनापन’ केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बिताए गए 33 वर्षों के अनुभवों को शब्दों में उतारने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि दुनिया मोदी को एक नेता के रूप में देखती है, लेकिन उन्होंने उनमें एक साधक, कर्मयोगी और असाधारण इंसान को करीब से देखा है।
अगली सुबह फिर देश सेवा में जुट जाते है
उन्होंने लिखा कि लोगों ने मोदी को मंचों से भाषण देते देखा है, लेकिन उन्होंने उस व्यक्ति को भी देखा है जो देर रात तक काम करने के बाद अगली सुबह उसी ऊर्जा के साथ देश सेवा में जुट जाता है। शिवराज के मुताबिक मोदी का हृदय गरीबों, किसानों, माताओं, बहनों, बेटियों और कार्यकर्ताओं के लिए धडक़ता है।1991 की एकता यात्रा का भी किया जिक्र
शिवराज सिंह चौहान ने अपने पोस्ट में 1991 की एकता यात्रा को भी याद किया। उन्होंने कहा कि उस समय कई लोग इसे राजनीतिक यात्रा मान रहे थे, लेकिन नरेंद्र मोदी ने इसे राष्ट्रीय चेतना का अभियान बना दिया था। उनकी सोच थी कि तिरंगा केवल श्रीनगर के लाल चौक तक नहीं, बल्कि देश के हर युवा के दिल तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि उसी दौरान उन्हें पहली बार महसूस हुआ कि नेतृत्व केवल भाषण से नहीं, बल्कि तपस्या, अनुशासन, समर्पण और अपनेपन से आता है।
किताब में नेतृत्व और बदलाव की झलक
शिवराज ने कहा कि इस पुस्तक में केवल घटनाएं नहीं, बल्कि वह सोच भी मिलेगी जिसने देश को बदलने का साहस किया। उन्होंने दावा किया कि पुस्तक युवाओं, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को प्रेरित करेगी और बताएगी कि बड़े बदलाव सामूहिक प्रयास, अनुशासन और समर्पण से संभव होते हैं। उन्होंने कहा कि यदि पुस्तक पढऩे के बाद लोगों को यह महसूस हो कि देश बदलने के लिए बड़े पद नहीं बल्कि बड़े संकल्प की जरूरत होती है, तो वे अपने प्रयास को सफल मानेंगे।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles