Loksabha Election: मैं सभी यदुवंशियों से कहना चाहता हूं…, मोहन यादव ने राहुल के गढ़ अमेठी में की रैली, खुद को बताया दामाद

अमेठी। मैं सभी यदुवंशियों से कहना चाहता हूं आप सब भाग्यशाली हो, पांच हजार साल पहले भी भगवान कृष्ण ने धर्म के लिए पूरा जीवन कुर्बान किया था। पूरे जीवन धर्म की लड़ाई लड़ी। आज हमारे सामने पुनः वो समय आया है। जब भगवान राम का आनंद आया है। ये बात आज मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अमेठी में आयोजित स्मृति ईरानी के रोड शो के दौरान जनसमूह को संबोधित करने के दौरान कही।
रोड शो के दौरान गौरीगंज ब्लाक मुख्यालय के सामने रथ से लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अमेठी का पूर्व जिला सुलतानपुर है वह मेरी ससुराल है। दामाद होने के नाते यहां आकर मुझे आनंद आ रहा है। कांग्रेस का प्रत्याशी यहां नहीं आ रहा है। उनकी हालत खराब है। कोई हां करने को तैयार नहीं है। मोदी की आंधी में सब कुछ उड़ जाएगा।
उन्होंने कहा कि राम जी का आनंद आ गया तो मथुरा वाले कृष्ण कन्हैया ने क्या बिगाड़ा है। उन्हें भी मुस्कुराना चाहिए। भगवान कृष्ण भी मुस्कुराएंगे। संबोधन के बाद एमपी के सीएम केंद्रीय मंत्री स्मृति के साथ नामांकन दाखिल करवाने कलेक्ट्रेट भी गए। नामांकन के बाद वह यहां से झारखंड के लिए रवाना हो गए।