Karnataka: संविधान की किताब हाथ में लेकर डीके शिवकुमार ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

बेंगलुरु। डीके शिवकुमार ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। डीके शिवकुमार ने हाथ में संविधान की किताब लेकर मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ 13 और विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। जी परमेश्ववर ने कर्नाटक के डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। पहले कयास लगाए जा रहे थे कि कांग्रेस कर्नाटक में चार डिप्टी सीएम बना सकती है। लेकिन पार्टी ने जी परमेश्वर को ही डिप्टी सीएम पद की शपथ दिलाई। डीके शिवकुमार के साथ शपथ लेने वाले नेताओं में सिद्धारमैया के बेटे यतींद्र सिद्धारमैया और मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे प्रियांक खरगे भी शामिल है। दोनों ने डीके शिवुकमार की कैबिनेट में जगह बनाई है।
मंत्रीपद की शपथ लेने वाले विधायकों की लिस्ट
डी.के. शिवकुमार – मुख्यमंत्री
डॉ. जी. परमेश्वर – उपमुख्यमंत्री
के.एच. मुनियप्पा – मंत्री
के.जे. जॉर्ज – मंत्री
एम.बी. पाटिल – मंत्री
रामलिंगा रेड्डी – मंत्री
सतीश जारकीहोली – मंत्री
कृष्णा बायरेगौड़ा – मंत्री
प्रियंक खड़गे – मंत्री
यू.टी. खादर – मंत्री
ईश्वर खंड्रे – मंत्री
यतींद्र सिद्धारमैया – मंत्री
यरथी सुरेश – मंत्री
शरण प्रकाश पाटिल – मंत्री
कांग्रेस नेताओं ने की डीके शिवकुमार की तारीफ
सोनिया गांधी ने शपथ लेने से पहले डीके शिवकुमार को फोन पर बधाई दी। कांग्रेस नेताओं ने कर्नाटक के नए सीएम डीके शिवकुमार की जमकर तारीफ की। कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार ने इस बात पर जोर दिया कि पार्टी को मजबूत बनाने में शिवकुमार ने लगातार अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि जब भी राज्य में पार्टी को मुश्किलों का सामना करना पड़ा है शिवकुमार ने हमेशा कांग्रेस को आगे बढ़ाने में मदद की है। उन्हें अपने राज्य के बाहर भी एक जुझारू नेता के तौर पर जाना जाता है। उनकी पहचान एक ऐसे नेता के रूप में भी है जो दूसरों के सुख-दुख में शामिल होते हैं।





