राम मंदिर चढ़ावा से खरीदी ब्रेजा कार, आरोपी अविनाश की निशानदेही पर बरामद, 2 घंटे तक पूछताछ

अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार आरोपी अविनाश शुक्ला से पुलिस ने कस्टडी रिमांड के दौरान करीब दो घंटे तक पूछताछ की। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर एक ब्रेजा कार बरामद की गई। पुलिस का दावा है कि यह कार चोरी किए गए चढ़ावे की रकम से खरीदी गई थी।
शुक्रवार सुबह पुलिस टीम करीब 9:15 बजे अविनाश शुक्ला को जिला कारागार से कस्टडी रिमांड पर लेकर पुलिस लाइन पहुंची। यहां सबसे पहले उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) डॉ. आशीष पाठक ने करीब 10:30 बजे मेडिकल शुरू किया, जो लगभग आधे घंटे चला। मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस उसे आगे की पूछताछ और बरामदगी के लिए अपने साथ ले गई।
पुलिस लाइन बनी सुरक्षा छावनी
मेडिकल और पूछताछ के दौरान पुलिस लाइन की सुरक्षा बेहद कड़ी रही। दोनों प्रवेश द्वारों पर बैरिकेडिंग कर आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई थी। परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा और केवल पूछताछ के बाद ही लोगों को प्रवेश की अनुमति दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे।
चोरी की रकम से खरीदी संपत्तियों की जांच
सूत्रों के अनुसार, कस्टडी रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की गई रकम का इस्तेमाल किन-किन संपत्तियों और सामान की खरीद में किया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपी के बताए तथ्यों का भौतिक सत्यापन कर रही है और चोरी की रकम से खरीदी गई अन्य वस्तुओं की भी तलाश की जा रही है।
जांच एजेंसियों का मानना है कि अविनाश शुक्ला से पूछताछ के दौरान इस चर्चित मामले से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस प्रत्येक दावे और साक्ष्य का बारीकी से सत्यापन कर रही है।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles