36 साल तक 300 से ज्यादा लग्जरी होटलों को लगाता रहा चूना, रायपुर में ऐसे पकड़ा गया ‘होटल नटवरलाल’

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक ऐसे शातिर ठग का पर्दाफाश हुआ है, जिसने पुलिस पूछताछ में दावा किया कि वह पिछले 36 वर्षों से देशभर के 300 से अधिक नामी होटलों में ठगी करता आ रहा है। 69 वर्षीय आरोपी बिंगसन जॉन को ओडिशा से गिरफ्तार किया गया है। उस पर रायपुर के चार सितारा होटल हयात से करीब 63,755 रुपये का बिल चुकाए बिना फरार होने और लगभग 1.48 लाख रुपये का लैपटॉप लेकर भागने का आरोप है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, आरोपी 25 जून को होटल हयात में ठहरा था। 27 जून की सुबह करीब 7:44 बजे वह बिना औपचारिक चेक-आउट किए होटल से निकल गया। उसने न तो होटल का बिल चुकाया और न ही होटल द्वारा विशेष अनुरोध पर उपलब्ध कराया गया लैपटॉप लौटाया। होटल प्रबंधन ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद होटल के सुरक्षा प्रभारी सूरज सिंह ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
ऐसे पहुंची पुलिस आरोपी तक
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का पता लगाया। इसके बाद एंटी क्राइम यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा
पूछताछ में बिंगसन जॉन ने बताया कि वह 1990 से इसी तरीके से ठगी करता आ रहा है। उसका दावा है कि वह देशभर के 300 से अधिक बड़े और नामी होटलों में ठहर चुका है। वह पहले होटल में आराम से रहता, खाना-पीना करता और बाद में बिना बिल चुकाए चुपचाप निकल जाता। कई मामलों में वह होटल का कीमती सामान भी साथ ले जाता था।
पुलिस अब आरोपी के दावों का सत्यापन कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि उसने किन-किन राज्यों और होटलों में इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया। साथ ही उसके खिलाफ दर्ज पुराने मामलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles