Bengal Elections: बंगाल के मालदा में रैली के दौरान राहुल गांधी ने पीएम मोदी को घेरा, लगाए कई गंभीर आरोप

कोलकाता. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए रायगंज और मालदा पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा, आरएसएस और सत्तारूढ़ टीएमसी पर जमकर निशाना साधा। रायगंज में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस की नफरत भरी विचारधारा देश के संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रही है।
राहुल गांधी ने कहा कि अंबेडकर, गांधी और नेहरू ने देश को जो संविधान दिया था, उसे भाजपा सीधे तौर पर नहीं बल्कि संवैधानिक संस्थाओं में अपने लोगों को बिठाकर और वोट चोरी करके नष्ट कर रही है। उन्होंने अपनी भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि उनका मुकाबला नफरत की राजनीति से है और वे नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने आए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी पर सीधा हमला करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पीएम उनसे आंखें नहीं मिला सकते। उन्होंने आरोप लगाते हुए पीएम मोदी का कंट्रोल डोनाल्ड ट्रंप के हाथ में है। इसके साथ ही, उन्होंने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर भी चिंता जताते हुए कहा कि इस डील से भारत के लघु और मध्यम उद्योग बंद हो जाएंगे, किसानों को भी भारी नुकसान होगा और देश में बड़े स्तर पर बेरोजगारी बढ़ेगी। इसी दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए उन्हें देशभक्त के बजाय देशद्रोही करार दिया।
राहुल गांधी ने अडानी और पीएम मोदी के संबंधों पर तंज कसते हुए कहा, भाजपा ने एक ऐसा सिस्टम बनाया है जहां पार्टी का पूरा पैसा अडानी के पास है। उन्होंने इसे ‘मोदानी’ कंपनी करार दिया। उन्होंने यह भी कहा कि अडानी पर अमेरिका में केस चल रहा है और वे देश से बाहर नहीं जा सकते।
मालदा की रैली में राहुल गांधी ने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने की प्रक्रिया (SIR अभ्यास) को असंवैधानिक बताया। उन्होंने वादा किया कि बंगाल में कांग्रेस की सरकार आने पर उन सभी लोगों के नाम सूची में वापस जोड़े जाएंगे जिनके नाम गलत तरीके से हटाए गए हैं। उन्होंने टीएमसी और वामपंथियों को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इन्होंने बंगाल के औद्योगिक क्षेत्र को खत्म कर दिया है। राहुल ने शारदा (1,900 करोड़) और रोज वैली (6,600 करोड़) चिटफंड घोटालों का जिक्र करते हुए टीएमसी को भ्रष्टाचार में भाजपा के बराबर बताया।
बता दें कि रायगंज सीट पर कांग्रेस ने मोहित सेनगुप्ता को उतारा है, जिनका मुकाबला टीएमसी के कृष्णा कल्याणी और भाजपा के कौशिक चौधरी से है। पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि नतीजे 4 मई को आएंगे। कांग्रेस इस बार राज्य में अपनी खोई हुई पैठ वापस पाने की कोशिश कर रही है।





