UP: नोएडा के सेक्टर 57 में 50 कंपनी और 200 गाड़ियों में तोड़फोड़, आग लगाने की कोशिश, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

गौतमबुद्धनगर। जिले के नोएडा में निजी कंपनियों के कर्मचारियों का प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारी कई सेक्टरों में जमकर उत्पात मचा रहे हैं। पुलिस ने उपद्रवियों पर लाठीचार्ज भी किया है। सेक्टर 57 में पिछले एक घंटे में प्रदर्शनकारियों ने करीब पचास कंपनियों और दो सौ गाड़ियों में तोड़फोड़ की है।
उन्होंने कंपनी को आग लगाने की कोशिश भी की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को दौड़ा दिया। सेक्टर 57 में उपद्रवियों ने कंपनियों में तोड़फोड़ की और इमारतों के शीशे तोड़े, जिससे स्टाफ को भागना पड़ा। बड़ी संख्या में कंपनियों में तोड़फोड़ और पथराव हुआ।
सेक्टर 59 में पुलिस की जीप का शीशा तोड़ा गया और कंपनी में आग लगाने की कोशिश की गई। सेक्टर 58 में श्रमिकों ने आगजनी की और जुलूस के रूप में निकले कर्मचारियों ने कई फैक्ट्रियों में पत्थरबाजी की। उपद्रवी सेक्टर 58 की कंपनी में घुस गए और जमकर तोड़फोड़ की।प्रदर्शनकारी अब समूह में निकल रहे हैं। उनके हाथों में डंडे और छड़ हैं। वे लगातार पत्थर भी चला रहे हैं। लोगों ने पुलिस को भी दौड़ाया है। यह प्रदर्शन हिंसक होता जा रहा है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने सेक्टर 57 और सेक्टर 58 में लाठीचार्ज किया है। फेस दो में पत्थरबाजी करने वाले प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस ने स्मॉग गन चलाई। प्रदर्शनकारियों ने फैक्ट्रियों के सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए हैं। पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है।






