Shivraj : केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान लखनऊ में जाम में फंसे, महेन्द्र सिँह के यहां शादी में शामिल हुए बिना लौटे…

लखनऊ। भाजपा नेता की बेटी की शादी के लिए सोमवार को लखनऊ आए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान जाम में फंस गए। हालात ऐसे बने कि शादी में शिरकत किए बिना ही उन्हें वापस लौटना पड़ा। भाजपा के दिग्गज नेता का इस तरह से लौट जाना सरकार और संगठन के नेताओं के लिए किरकिरी का सबब बन गया।
दरअसल, 20 अप्रैल को भाजपा के 2 दिग्गज नेताओं के यहां शादी थी। दोनों का समारोह जनेश्वर मिश्र पार्क के अलग-अलग हिस्से में था। एक हिस्से में भाजपा एमएलसी और मध्यप्रदेश के भाजपा प्रभारी महेंद्र सिंह की बेटी की शादी थी। दूसरे में योगी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की भतीजी की शादी थी।
शिवराज सिंह चौहान भी शादी समारोह में शामिल होकर वर-वधु को आशीर्वाद देने आए थे। शिवराज के प्रोटोकॉल में प्रदेश सरकार के पीडब्ल्यूडी राज्यमंत्री ब्रजेश सिंह को लगाया गया था। शिवराज का निजी विमान शाम 7.30 बजे अमौसी एयरपोर्ट पर लैंड करना था।
हालांकि, उनका विमान 30 मिनट की देरी से रात 8 बजे एयरपोर्ट पहुंचा। यहां से ब्रजेश सिंह शिवराज को लेकर 21 किमी. दूर जनेश्वर मिश्र पार्क पहुंचे। सबसे पहले शिवराज ने दिनेश प्रताप सिंह की भतीजी की शादी में पहुंचकर वर-वधु को आशीर्वाद दिया। उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और उपहार दिया।दिनेश प्रताप सिंह की भतीजी को शादी में शामिल होने के बाद शिवराज का काफिला जनेश्वर पार्क के दूसरे हिस्से की ओर बढ़ा। दोनों शादियों में VVIP समेत 10 हजार से ज्यादा मेहमान पहुंचे थे। इस वजह से भारी ट्रैफिक जाम लगा था। इसी जाम में शिवराज का काफिला फंस गया। मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने जाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन जाम नहीं खुल पाया।
इस दौरान शिवराज का काफिला करीब 15 मिनट तक जाम में फंसा रहा। उन्हें रात 9.30 बजे तक अपने निजी विमान से वापस दिल्ली रवाना होना था। निजी विमान को 9.30 बजे तक ही एयरपोर्ट पर रुकने की अनुमति थी। ऐसे में लेट होने की संभावना को देखते हुए शिवराज सिंह ने जाम को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने महेंद्र सिंह की बेटी के लिए लाए तोहफे को ब्रजेश सिंह को सौंप दिया।
इसके बाद शिवराज बिना शादी समारोह में शिरकत किए लौट गए। ब्रजेश सिंह ने मंच पर पहुंचकर महेंद्र सिंह को इसकी जानकारी दी। साथ ही शिवराज सिंह की ओर से दिया गया तोहफा भी भेंट किया।
पीडब्ल्यूडी राज्यमंत्री ब्रजेश सिंह का कहना है-शिवराज सिंह चौहान थोड़ा विलंब से पहुंचे थे। जनेश्वर मिश्र पार्क में शादियों में बहुत वीवीआईपी आए थे। वीवीपीआई की फ्लीट क्रैश हो रही थी। शिवराज जिस निजी प्लेन से आए थे, उसका एफएलटी रात 9.30 बजे तक था। इसलिए उन्हें महेंद्र सिंह जी के यहां शादी में शामिल हुए बिना ही लौटना पड़ा।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles