Indore : अफसर के फार्म हाउस में जुआ, लापरवाही छापा मारने वाले पुलिस कर्मियों की..?

इंदौर। महिला अधिकारी के फार्म हाउस पर जुआ
वाकई अपना एमपी अजब है, सबसे गजब है। अब जरा इंदौर के महू का ये मामला देखिए। यहां एक महिला आईएएस अधिकारी के फार्म हाउस पर जुए का अड्डा चल रहा था। और छापा मरने वाले इंस्पेक्टर सहित तीन को सस्पेंड कर दिया गया। आईएएस अधिकारी ने आरोप लगाया है कि लोग अवैध रूप से फार्महाउस में घुसकर आपराधिक गतिविधियां कर रहे थे.लेकिन समझ में ये नहीं आया कि पुलिस कर्मचारी क्यों ससपेंड किये गए?

पुलिस जब छापा मारने पहुंची तो उसकी आंखें फटी की फटी रह गईं। वहां जुए की मानो खेती हो रही थी और खिलाड़ी पूरी मेहनत से नोटों की सिंचाई कर रहे थे।जिस फार्म हाउस पर जुआ चल रहा था, वह वित्त से संबंधित विभाग में तैनात अधिकारी का है। हैरानी की बात ये कि उनके फार्म हाउस पर ही ‘वित्त’ की गैंबलिंग चल रही थी।
बताया जा रहा है कि फार्म हाउस की देखरेख गांव का एक व्यक्ति कर रहा था। पुलिस ने मौके से 18 जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ा। उनके पास से 13 लाख 67 हजार 971 रुपये नकद सहित कुल 28 लाख रुपये से ज्यादा का माल बरामद किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और जुआ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक इस जुए के अड्डे का मुख्य आयोजक जगदीश राठौड़ उर्फ कुबड़ा था, जो फार्महाउस के केयरटेकर रणजीत चौधरी समेत अन्य लोगों के साथ मौके से फरार हो गया.

घटना के बाद वंदना वैद्य ने पुलिस को एक पत्र भेजकर शिकायत की है कि कुछ अज्ञात लोग उनके फार्महाउस में अवैध रूप से घुस आए थे और वहां आपराधिक गतिविधियों में शामिल थे. उन्होंने यह भी आशंका जताई है कि इन लोगों ने चोरी भी की हो सकती है और इसके लिए अलग से मामला दर्ज करने की मांग की है. इस मामले में लापरवाही के चलते मनपुर थाना प्रभारी, बीट प्रभारी सब-इंस्पेक्टर और एक सहायक उपनिरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है.

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles